1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. चांदी पहली बार ₹2 लाख प्रति किलोग्राम के पार, सोना भी और हुआ महंगा, जानें आज का भाव

चांदी पहली बार ₹2 लाख प्रति किलोग्राम के पार, सोना भी और हुआ महंगा, जानें आज का भाव

 Published : Dec 17, 2025 05:08 pm IST,  Updated : Dec 17, 2025 05:14 pm IST

जानकारों का मानना है कि आने वाले समय में वैश्विक स्थितियों के आधार पर बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है, लेकिन लंबी अवधि के लिए रुझान अभी भी सकारात्मक दिख रहा है।

स्पॉट सिल्वर पहली बार 66 डॉलर प्रति औंस के पार निकल गई - India TV Hindi
स्पॉट सिल्वर पहली बार 66 डॉलर प्रति औंस के पार निकल गई Image Source : FREEPIK

घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूत मांग के चलते बुधवार को चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के अनुसार, चांदी ₹7,300 की तेजी के साथ पहली बार ₹2 लाख प्रति किलो के ऐतिहासिक स्तर को पार कर गई। राष्ट्रीय राजधानी में चांदी का भाव ₹2,05,800 प्रति किलो पर पहुंच गया, जबकि इससे पहले यह ₹1,98,500 प्रति किलो पर बंद हुई थी।

सोना ₹600 हो गया महंगा

सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में भी मजबूती दर्ज की गई। सोना ₹600 की बढ़त के साथ ₹1,36,500 प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर पहुंच गया। पिछले कारोबारी सत्र में इसका भाव ₹1,35,900 प्रति 10 ग्राम रहा था। वैश्विक स्तर पर भी कीमती धातुओं में तेजी का रुख बना रहा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड 18.59 डॉलर यानी 0.43 फीसदी की बढ़त के साथ 4,321.06 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा।

स्पॉट सिल्वर पहली बार 66 डॉलर प्रति औंस के पार

वहीं, चांदी ने ओवरसीज ट्रेड में भी नया रिकॉर्ड कायम किया। स्पॉट सिल्वर पहली बार 66 डॉलर प्रति औंस के पार निकल गई और 2.77 डॉलर या 4.35 फीसदी की तेजी के साथ 66.52 डॉलर प्रति औंस के अब तक के सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गई। बाजार जानकारों का कहना है कि सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताएं और औद्योगिक मांग में इजाफा जैसी वजहों से सोने-चांदी की कीमतों में आगे भी उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

सोने का आयात नवंबर में 60 प्रतिशत घटा

देश का सोने का आयात नवंबर में लगभग 60 प्रतिशत घटकर 4 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया। नवंबर 2025 में सोने का आयात 9.8 अरब अमेरिकी डॉलर था। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, कुल मिलाकर, इस वित्तीय वर्ष में अप्रैल-नवंबर के दौरान आयात 3.3 प्रतिशत बढ़कर 45.26 बिलियन अमेरिकी डॉलर हो गया, जो एक साल पहले 43.8 अरब अमेरिकी डॉलर था। देश का सोने का आयात साल-दर-साल लगभग तीन गुना बढ़कर अक्टूबर में 14.72 बिलियन अमेरिकी डॉलर के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा