1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. आज फिर 17,000 रुपये महंगी हुई चांदी, सोने में मामूली तेजी- चेक करें आज की ताजा कीमतें

आज फिर 17,000 रुपये महंगी हुई चांदी, सोने में मामूली तेजी- चेक करें आज की ताजा कीमतें

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Feb 09, 2026 08:27 pm IST,  Updated : Feb 09, 2026 08:27 pm IST

चीन से आए वीकेंड के आंकड़ों से सोने-चांदी में निवेशकों की भावना मजबूत हुई है। आंकड़े बताते हैं कि पीपल्स बैंक ऑफ चाइना ने ऊंची कीमतों के बावजूद जनवरी में लगातार 15वें महीने सोने की खरीदारी जारी रखी।

Silver Gold Rates, gold price silver price, today gold rate, today gold price, tanishq, gold price t- India TV Hindi
चीन से आए आंकड़ों ने निवेशकों को किया प्रेरित Image Source : AFP

Silver and Gold Price: मजबूत ग्लोबल ट्रेंड और कमजोर डॉलर के कारण सोमवार को एक बार फिर सोने-चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली। दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतें 6 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी के साथ 2.72 लाख रुपये प्रति किलोग्राम हो गईं, जबकि सोना लगभग एक प्रतिशत बढ़कर 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। स्थानीय कारोबारियों के मुताबिक, सोमवार को चांदी की कीमत 6.66 प्रतिशत यानी 17,000 रुपये की जोरदार तेजी के साथ 2,72,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जो पिछले हफ्ते शुक्रवार को 2,55,000 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुई थी।

सोमवार को 1300 रुपये महंगा हुआ सोना

चांदी के अलावा, आज 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1300 रुपये (0.83 प्रतिशत) की बढ़त लेकर 1,58,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। पिछले हफ्ते शुक्रवार को ये 1,57,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटी) सौमिल गांधी ने कहा, ''सोमवार को डॉलर में गिरावट और सटोरिया लिवाली के कारण सोने में तेजी रही। डॉलर इंडेक्स लगभग 0.30 प्रतिशत के नुकसान के साथ 97 के स्तर पर कारोबार कर रहा है, जिससे सर्राफा की कीमतों को सपोर्ट मिल रहा है।'' उन्होंने कहा कि वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और डोनाल्ड ट्रंप की भू-राजनीतिक और टैरिफ से जुड़े मुद्दों पर बार-बार और अप्रत्याशित बयानबाजी कीमती धातुओं के लिए सुरक्षित-निवेश परिसंपत्ति के रूप में मांग को बढ़ावा दे रही है।

चीन से आए आंकड़ों ने निवेशकों को किया प्रेरित

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी आज हाजिर चांदी 2.19 डॉलर (2.81 प्रतिशत) बढ़कर 80.21 डॉलर प्रति औंस हो गई, जबकि सोना 1 प्रतिशत बढ़कर 5012.94 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। सौमिल गांधी ने कहा कि चीन से आए वीकेंड के आंकड़ों से सोने-चांदी में निवेशकों की भावना मजबूत हुई है। आंकड़े बताते हैं कि पीपल्स बैंक ऑफ चाइना ने ऊंची कीमतों के बावजूद जनवरी में लगातार 15वें महीने सोने की खरीदारी जारी रखी। गांधी ने कहा कि इसके अलावा, शुक्रवार को जारी होने वाले अमेरिकी महंगाई आंकड़ों पर भी बारीक नजर रखी जाएगी कि ये आंकड़े, डॉलर की दिशा तय करने और कीमती धातुओं के लिए नए संकेत देने में अहम भूमिका निभा सकती हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा