1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. लगातार दूसरे दिन सेंसेक्स हरे निशान में तो निफ्टी लाल निशान में बंद, जानिए ऐसा क्यों

लगातार दूसरे दिन सेंसेक्स हरे निशान में तो निफ्टी लाल निशान में बंद, जानिए ऐसा क्यों

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Feb 02, 2023 06:20 pm IST,  Updated : Feb 02, 2023 06:20 pm IST

आज भी बीएसई सेंसेक्स 224.16 अंक की बढ़त के साथ 59,932.24 अंक पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 5.90 अंक की मामूली गिरावट के साथ 17,610.40 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स - India TV Hindi
सेंसेक्स Image Source : PTI

आमतौर पर आप देंखते हैं कि जब सेंसेक्स हरे निशान में रहता है तो निफ्टी भी हरे निशान में कारोबार करता है। हरे निशान से मतलब है कि बाजार में तेजी रहती है। वहीं, जब गिरावट आती है तो सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में बंद होते हैं। लेकिन पिछले दो दिनों से ऐसा नहीं हो रहा है। आज भी बीएसई सेंसेक्स 224.16 अंक की बढ़त के साथ 59,932.24 अंक पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 5.90 अंक की मामूली गिरावट के साथ 17,610.40 अंक पर बंद हुआ। 

आपको बता दें कि सेंसेक्स और निफ्टी दो प्रमुख इंडेक्स यानी सूचकांक हैं। सेंसेक्स बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) से जुड़ा इंडेक्स है, जबकि निफ्टी नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) से जुड़ा हुआ है। ये दोनों इंडेक्स स्टॉक मार्केट में उठा-पटक को मापने के काम करते हैं। बीएसई सेंसेक्स तमाम उठा-पटक के बाद हरे निशान में बंद होने में कामयाब हो रहा है। वहीं, एनएसई निफ्टी लाल निशान में बंद हो रहा है। आखिर, ऐसा क्यों हो रहा है। 

इसलिए सेंसेक्स हरे में और निफ्टी लाल में बंद 

शेयर बाजार के विशेषज्ञों के अनुसार, निफ्टी 50 इंडेक्स में अडानी के दो शेयरों की मौजूदगी और अडानी समूह के शेयरों में भारी बिकवाली से बैंकिंग शेयरों पर दबाव पड़ रहा है। इसके चलते पिछले दो सत्रों से निफ्टी और बैंक निफ्टी लाल कारोबार कर रहे हैं। अडानी समूह के दो शेयर अदानी पोर्ट्स और स्पेशल इकोनॉमिक जोन और अदानी एंटरप्राइजेज 50 सूचीबद्ध शेयरों में शामिल हैं। इसके अलावा, एसबीआई, इंडसइंड बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक सहित कई बैंकिंग शेयरों का 50 स्टॉक एक्सचेंज में अच्छा वेटेज है। शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग के बाद अडानी समूह के शेयरों में बड़े पैमाने पर बिकवाली शुरू हो गई। इसलिए, अधिकांश बैंकिंग स्टॉक पिछले एक सप्ताह से दबाव में बने हुए हैं। इसके चलते निफ्टी लाल निशान में बंद हो रहा है। 

अदानी एंटरप्राइजेज के शेयर 50 फीसदी टूटे 

निफ्टी में सूचीबद्ध अडानी शेयरों में, अदानी एंटरप्राइजेज के शेयर की कीमत पिछले एक महीने में 50 प्रतिशत तक गिर गई है, जबकि अदानी पोर्ट्स के शेयर की कीमत इस अवधि में 42 प्रतिशत से अधिक गिर गई है। निफ्टी 50 इंडेक्स में सूचीबद्ध बैंकिंग शेयरों में, एसबीआई के शेयर की कीमत पिछले एक महीने में लगभग 15 प्रतिशत गिर गई है, इंडसइंड बैंक के शेयर की कीमत में लगभग 15 प्रतिशत की गिरावट आई है, पिछले एक महीने में आईसीआईसीआई बैंक के शेयर की कीमत में लगभग 5.50 प्रतिशत की गिरावट आई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा