1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. विदेशी निवेशकों ने शेयर बाजार में फिर बेचना शुरू किया, पिछले हफ्ते इतने हजार करोड़ रुपये निकाले

विदेशी निवेशकों ने शेयर बाजार में फिर बेचना शुरू किया, पिछले हफ्ते इतने हजार करोड़ रुपये निकाले

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Jul 20, 2025 01:22 pm IST,  Updated : Jul 20, 2025 01:22 pm IST

FPI ने इससे पहले जून में 14,590 करोड़ रुपये, मई में 19,860 करोड़ रुपये और अप्रैल में 4,223 करोड़ का निवेश किया था।

FPI- India TV Hindi
विदेशी निवेशक Image Source : FILE

भारतीय शेयर बाजार में एक बार फिर से विदेशी निवेशक बिकवाल हो गए हैं। आपको बता दें कि विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने जुलाई में अबतक भारतीय शेयर बाजार से 5,524 करोड़ रुपये निकाले हैं। अमेरिका-भारत के बीच व्यापार को लेकर जारी तनाव तथा कंपनियों के मिले-जुले तिमाही नतीजों के बीच एफपीआई शुद्ध बिकवाल बने हुए हैं। इससे पिछले तीन माह के दौरान एफपीआई भारतीय बाजार में शुद्ध लिवाल रहे थे। 

डिपॉजिटरी के आंकड़ों के अनुसार, इसके साथ ही, 2025 में अबतक एफपीआई की कुल निकासी 83,245 करोड़ रुपये पर पहुंच गई है। मॉर्निंगस्टार इन्वेस्टमेंट रिसर्च इंडिया के एसोसिएट निदेशक- प्रबंधक शोध हिमांशु श्रीवास्तव ने कहा कि आगे चलकर, एफपीआई प्रवाह का रुख अमेरिका-भारत व्यापार वार्ता और कंपनियों के तिमाही नतीजों पर निर्भर करेगा। उन्होंने कहा कि व्यापार विवादों के समाधान और कंपनियों की आमदनी में सुधार से निवेशकों का भरोसा बहाल हो सकता है और एफपीआई फिर भारतीय बाजार की ओर आकर्षित हो सकते हैं। 

अप्रैल, मई और जून में किया था निवेश 

डिपॉजिटरी के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने इस महीने (18 जुलाई तक) शेयरों से 5,524 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की है। इससे पहले जून में उन्होंने 14,590 करोड़ रुपये, मई में 19,860 करोड़ रुपये और अप्रैल में 4,223 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया था। इससे पहले, एफपीआई ने मार्च में 3,973 करोड़ रुपये, फरवरी में 34,574 करोड़ रुपये और जनवरी में 78,027 करोड़ रुपये की बड़ी निकासी की थी। एफपीआई के इस महीने के रुझान में उल्लेखनीय बदलाव देखने को मिला है। इसके लिए कई कारक जिम्मेदार हैं। 

इस कारण विदेशी निवेशक निकाल रहे पैसा 

एंजल वन के वरिष्ठ बुनियादी विश्लेषक वकारजावेद खान ने भी कहा कि वैश्विक बाजारों और वृहद घटनाक्रमों के साथ-साथ भारत में नतीजों के सीजन के कारण एफपीआई ने निकासी की है। आंकड़ों के अनुसार, समीक्षाधीन अवधि में एफपीआई ने बॉन्ड में सामान्य सीमा के तहत 1,850 करोड़ रुपये और स्वैच्छिक प्रतिधारण मार्ग से 1,050 करोड़ रुपये का निवेश किया है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा