1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. सोने-चांदी की कीमतों में आज हो गया उलटफेर, जानें प्रति 10 ग्राम Gold का भाव

सोने-चांदी की कीमतों में आज हो गया उलटफेर, जानें प्रति 10 ग्राम Gold का भाव

 Edited By: Sourabha Suman
 Published : Jun 10, 2025 06:00 pm IST,  Updated : Jun 10, 2025 06:43 pm IST

जानकारों का कहना है कि अमेरिका-चीन व्यापार तनाव कम होने की उम्मीद के चलते मंगलवार सुबह के कारोबार में सोने की कीमतों में गिरावट आई। इससे सुरक्षित निवेश की मांग घटी।

व्यापारियों को इस सप्ताह सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव बढ़ने की उम्मीद है।- India TV Hindi
व्यापारियों को इस सप्ताह सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव बढ़ने की उम्मीद है। Image Source : FILE

सोने और चांदी की कीमत में मंगलवार को आखिरकार नरमी आई। दोनों के दाम में गिरावट दर्ज किया गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत 110 रुपये गिरकर 97,670 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। पीटीआई की खबर के मुताबिक, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाली कीमती धातु 100 रुपये गिरकर 97,250 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) रह गई। इसी तरह, सात दिनों की तेजी के सिलसिले को तोड़ते हुए मंगलवार को चांदी की कीमत 1,000 रुपये गिरकर 1,07,100 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रह गई। बता दें, स्थानीय बाजारों में सोमवार को चांदी 1,000 रुपये बढ़कर 1,08,100 रुपये प्रति किलोग्राम के नए शिखर पर पहुंच गई थी। वैश्विक बाजारों में हाजिर चांदी 0. 3 प्रतिशत गिरकर 36. 64 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। 

सोने की कीमतों में गिरावट क्यों आई?

खबर के मुताबिक, आभूषण विक्रेताओं और स्टॉकिस्टों की लगातार बिकवाली के चलते सोने के भाव में कमजोरी दिखी। इंटरनेशल मार्केट में हाजिर सोना मामूली रूप से बढ़कर 3,329.12 डॉलर प्रति औंस हो गया। रिलायंस सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक श्रीराम अय्यर ने कहा कि अमेरिका-चीन व्यापार तनाव कम होने की उम्मीद के चलते मंगलवार सुबह के कारोबार में सोने की कीमतों में गिरावट आई, जिससे सुरक्षित निवेश की मांग कम हुई। चीन और अमेरिका के अधिकारियों ने मंगलवार को लंदन में व्यापार वार्ता के नए दौर को दूसरे दिन के लिए बढ़ा दिया, जिससे दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच समझौते की उम्मीदें बढ़ गई हैं। 

कीमतों में उतार-चढ़ाव बढ़ने की उम्मीद

व्यापारियों को इस सप्ताह सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव बढ़ने की उम्मीद है, जो अमेरिकी मुद्रास्फीति के आंकड़ों और कस्टमर्स सेंटीमेंट के आंकड़ों सहित महत्वपूर्ण वृहद आर्थिक घटनाओं से प्रेरित है। एक्सिस सिक्योरिटीज में कमोडिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक देवेया गगलानी ने कहा कि इन आंकड़ों में कोई भी अप्रत्याशित विचलन ब्याज दरों में कटौती पर फेडरल रिजर्व के रुख को प्रभावित कर सकता है, जो निकट भविष्य में सर्राफा की कीमतों पर असर डाल सकता है। हाल ही में एक रिपोर्ट में कहा गया है कि घरेलू सोने के आभूषणों की खपत 2025-26 में 9-10% घटने की संभावना है। इसके पीछे की मुख्य वजह सोने की कीमतों में 33% की वृद्धि है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा