1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold ETFs: 3 महीने में 27% तक का ताबड़तोड़ रिटर्न, फिर 1 हफ्ते में 7% की गिरावट, एक्सपर्ट ने बताया अब क्या करना चाहिए

Gold ETFs: 3 महीने में 27% तक का ताबड़तोड़ रिटर्न, फिर 1 हफ्ते में 7% की गिरावट, एक्सपर्ट ने बताया अब क्या करना चाहिए

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Oct 25, 2025 02:05 pm IST,  Updated : Oct 25, 2025 02:05 pm IST

सोने की कीमतों में अभी हाल ही में 250-300 डॉलर की तेजी मुख्य रूप से अमेरिकी सरकार के मौजूदा बंद को लेकर चिंताओं के बीच सुरक्षित निवेश में बढ़ी खरीदारी के कारण आई है।

gold, gold etf, gold etf price, best gold etf, best gold etfs to buy, best gold etfs to invest in- India TV Hindi
1 हफ्ते में 7 प्रतिशत गिरा गोल्ड ईटीएफ का भाव Image Source : PIXABAY

Gold ETFs: सोने की कीमतों में भारी तेजी के बीच गोल्ड ईटीएफ में भी जबरदस्त निवेश आया है। पिछले 3 महीनों में गोल्ड ईटीएफ ने 27% तक का रिटर्न दिया है। लेकिन बीते कुछ दिनों में इसमें बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि अप्रैल 2025 में शुरू हुई इस तेजी में अब कुछ करेक्शन देखने को मिल रहा है क्योंकि निवेशक पिछले 2 महीनों से जारी तेजी के बाद मुनाफावसूली कर रहे हैं। अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में संभावित कटौती, बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, मजबूत निवेश मांग और केंद्रीय बैंक द्वारा निरंतर संचय की उम्मीदों की वजह से अप्रैल 2025 में सोने की कीमतों में जोरदार तेजी आनी शुरू हुई थी।

गोल्ड ईटीएफ ने पिछले 3 महीने में दिया 23 प्रतिशत का औसतन रिटर्न

सोने की कीमतों में अभी हाल ही में 250-300 डॉलर की तेजी मुख्य रूप से अमेरिकी सरकार के मौजूदा बंद को लेकर चिंताओं के बीच सुरक्षित निवेश में बढ़ी खरीदारी के कारण आई है। हालांकि, मुनाफावसूली और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी के साथ ही अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने से इसमें गिरावट बढ़ी है। इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, गोल्ड ईटीएफ ने पिछले 3 महीनों में औसतन 23% का रिटर्न दिया है। इस दौरान यूटीआई गोल्ड ईटीएफ ने सबसे ज्यादा 27.19% का रिटर्न दिया है और एलआईसी एमएफ गोल्ड ईटीएफ ने 23.40% का रिटर्न दिया है।

शुक्रवार को भी कीमतों में आई गिरावट

सबसे बड़े और सबसे पुराने गोल्ड ईटीएफ, निप्पॉन इंडिया ईटीएफ गोल्ड बीईएस ने इसी अवधि में 22.94% का रिटर्न दिया है। जबकि, टाटा गोल्ड ईटीएफ ने इस अवधि में सबसे कम 22.25% का रिटर्न दिया है। शुक्रवार, 24 अक्टूबर को शुरुआती कारोबार में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई थी। एमसीएक्स पर दिसंबर डिलीवरी वाले सोने का वायदा भाव 533 रुपये या 0.43% की गिरावट के साथ 1,23,571 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। ये गिरावट मिले-जुले वैश्विक संकेतों और प्रमुख आर्थिक संकेतकों से पहले सतर्कता भरे माहौल के बीच आई, जहां कारोबारियों ने ऊंचे स्तरों पर अपनी बढ़त कम करने का विकल्प चुना।

1 हफ्ते में 7 प्रतिशत गिरा गोल्ड ईटीएफ का भाव

पिछले दो हफ्तों की बात करें तो गोल्ड ईटीएफ का प्रदर्शन काफी धीमा रहा, क्योंकि इन फंडों ने औसतन 0.70% का रिटर्न दिया, जिसमें यूटीआई गोल्ड ईटीएफ ने सबसे ज्यादा 4.26% और आदित्य बिड़ला सन लाइफ गोल्ड ईटीएफ ने सबसे कम लगभग 0.12% रिटर्न दिया। पिछले एक हफ्ते में गोल्ड ईटीएफ में 7% तक की गिरावट देखी गई। पिछले एक हफ्ते में टाटा गोल्ड ईटीएफ में सबसे ज्यादा लगभग 6.81% की गिरावट आई। यूटीआई गोल्ड ईटीएफ में पिछले हफ्ते सबसे कम लगभग 2.64% की गिरावट आई।

अब आगे क्या करना चाहिए

कोटक म्यूचुअल फंड के फंड मैनेजर की सलाह है कि निवेशकों को मौजूदा स्तरों पर सोने में एकमुश्त निवेश करने में सावधानी बरतनी चाहिए और इसके बजाय, व्यक्तिगत जोखिम सहनशीलता और परिसंपत्ति आवंटन ढांचे के अनुरूप, गोल्ड ईटीएफ या गोल्ड म्यूचुअल फंड में एसआईपी या एसटीपी के माध्यम से चरणबद्ध निवेश का तरीका अपनाना चाहिए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा