1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. तांडव के बाद शांत हुआ सोना, दिल्ली में प्रति 10 ग्राम Gold का आज ये रहा भाव, चांदी भी हुई सस्ती

तांडव के बाद शांत हुआ सोना, दिल्ली में प्रति 10 ग्राम Gold का आज ये रहा भाव, चांदी भी हुई सस्ती

 Published : Apr 05, 2024 08:38 pm IST,  Updated : Apr 05, 2024 08:42 pm IST

पिछले कुछ दिनों से सोने की कीमत में लगातार तेजी देखी गई। इतनी तेजी कि वह अबतक के सर्वकालिक ऊंचाई पर पहुंच गया है। चांदी की कीमत को भी काफी सपोर्ट मिला है।

विदेशी बाजार कॉमेक्स में हाजिर सोना 2,287 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था- India TV Hindi
विदेशी बाजार कॉमेक्स में हाजिर सोना 2,287 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था Image Source : FILE

सोने की कीमत में इन दिनों मानो आग लगी हो। लेकिन तांडव करता सोना आखिरकार शुक्रवार को थोड़ा शांत हुआ। कीमतों में गिरावट देखी गई। सर्वकालिक उच्च स्तर को छूने के बाद ग्लोबल मार्केट में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों गिरने से आज सोना राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में 150 रुपये की गिरावट के साथ 69,900 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 70,050 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था। भाषा की खबर के मुताबिक, एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी।  

चांदी की कीमत भी घटी

खबर के मुताबिक, चांदी की कीमत भी 700 रुपये की गिरावट के साथ 81,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। इससे पिछले कारोबारी सत्र में यह 81,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा कि विदेशी बाजारों में मजबूती के रुख से संकेत लेते हुए दिल्ली के बाजारों में 24 कैरेट सोने की हाजिर कीमत 69,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रही थी जो पिछले बंद भाव से 150 रुपये कम है।

कॉमेक्स में हाजिर सोना आज

विदेशी बाजार कॉमेक्स में हाजिर सोना 2,287 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जो पिछले बंद भाव से 10 डॉलर कम है। एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष (शोध विश्लेषण) जतिन त्रिवेदी ने कहा कि जब तक पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव और ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें बनी रहेंगी, तब तक सोने में मौजूदा रुझान बने रहने की उम्मीद है। इसके साथ ही चांदी गिरावट के साथ 26.75 डॉलर प्रति औंस पर बोली जा रही थी। पिछले बंद में यह 27.05 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई थी। शादी-ब्याह के सीजन में लोगों को काफी महंगे दाम पर जूलरी खरीदनी पड़ रही है। जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में अभी सोने की कीमतों का रुझान बढ़त की तरफ रह सकता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा