1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. सोने ने लगाई छलांग, फ्रेश लाइफटाइम हाई पर पहुंचा भाव, जानें सर्राफा में प्रति 10 ग्राम का रेट

सोने ने लगाई छलांग, फ्रेश लाइफटाइम हाई पर पहुंचा भाव, जानें सर्राफा में प्रति 10 ग्राम का रेट

 Published : Sep 11, 2025 05:55 pm IST,  Updated : Sep 11, 2025 05:55 pm IST

सोने में निवेश फिलहाल आकर्षक नजर आ रहा है, लेकिन मौजूदा रिकॉर्ड स्तरों पर खरीदारी करते समय सतर्कता बरतना जरूरी है, क्योंकि किसी भी वैश्विक या आर्थिक बदलाव से कीमतों में उतार-चढ़ाव हो सकता है।

स्टोर पर कस्टमर्स को सोने की जूलरी दिखातीं कर्मचारी।- India TV Hindi
स्टोर पर कस्टमर्स को सोने की जूलरी दिखातीं कर्मचारी। Image Source : PTI

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोने की कीमतों में ₹100 की बढ़ोतरी हुई है, जिससे इसका भाव नया रिकॉर्ड बनाते हुए ₹1,13,100 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। 99.5% शुद्ध सोना भी ₹100 की बढ़त के साथ ₹1,12,600 प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर पहुंच गया है। यह जानकारी ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन ने दी है। पीटीआई की खबर के मुताबिक, सोने की कीमतों में 2025 में 43% से ज्यादा की वृद्धि हो चुकी है। इस साल की शुरुआत में 31 दिसंबर 2024 को सोने का भाव ₹78,950 प्रति 10 ग्राम था। तब से अब तक सोने की कीमतों में ₹34,150 या 43.25% की जबरदस्त तेजी देखी गई है।

इस साल सोना क्यों हुआ महंगा

रेनिशा चैनानी, हेड - रिसर्च, ऑगमोंट ने कहा कि महंगाई की बढ़ती चिंताएं, सरकारी कर्ज में इजाफा और अमेरिकी आर्थिक वृद्धि में मंदी जैसे जोखिमों के चलते सोने की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। इसके अलावा, एशियाई बाजारों में एक्सचेंज ट्रेडेड फंड्स (ETF) में भारी निवेश भी सोने की कीमतों को ऊपर ले गया है। उधर, संदीप रईचुरा, सीईओ, पीएल कैपिटल ने कहा कि 2025 में सोने के दामों में 40% से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। इसकी मुख्य वजहें हैं केंद्रीय बैंकों की भारी खरीदारी, ETF में निवेश का जोर, ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें और वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव। हालांकि, अब रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के कारण निवेश में अस्थिरता का जोखिम भी बना हुआ है।"

अंतरराष्ट्रीय बाजार में गिरावट

दुनिया के अन्य बाजारों में सोने की कीमतें थोड़ी नरम रही हैं। स्पॉट गोल्ड की कीमत 0.52% गिरकर USD 3,621.91 प्रति औंस रह गई। स्पॉट सिल्वर में भी 0.35% की गिरावट देखी गई, जो अब USD 41.01 प्रति औंस है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा कि निवेशक अमेरिकी उपभोक्ता महंगाई रिपोर्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जो आज जारी होगी। इस रिपोर्ट से अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अगले ब्याज दर निर्णय पर महत्वपूर्ण संकेत मिल सकते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा