1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. HDFC और LIC ने निवेशकों को किया मालामाल, इन 3 कंपनियों ने रिकॉर्ड तेजी में भी पहुंंचाया नुकसान

HDFC और LIC ने निवेशकों को किया मालामाल, इन 3 कंपनियों ने रिकॉर्ड तेजी में भी पहुंंचाया नुकसान

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Dec 10, 2023 03:42 pm IST,  Updated : Dec 10, 2023 03:42 pm IST

रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे मूल्यवान कंपनी के स्थान पर कायम है। इसके बाद टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड, भारती एयरटेल, आईटीसी, एसबीआई और एलआईसी हैं।

शेयर बाजार- India TV Hindi
शेयर बाजार Image Source : PTI

शेयर बाजार में रिकॉर्ड तेजी का सबसे अधिक फायदा एचडीएफसी बैंक और एलआईसी के निवेशकों को हुआ है। ऐसा इन दोनों कंपनियों के शेयर में तेजी से हुआ है। आपको बता दें कि पिछले हफ्ते देश की 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से सात का बाजार 3.04 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया। इसमें एचडीएफसी बैंक और एलआईसी में सबसे ज्यादा वृद्धि दर्ज की गई। इसके पीछे शेयर बाजार में जारी तेजी की अहम भूमिका रही। पिछले सप्ताह बीएसई का मानक सूचकांक सेंसेक्स 2,344.41 अंक यानी 3.47 प्रतिशत बढ़ गया। कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन शुक्रवार को 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 303.91 अंक यानी 0.44 प्रतिशत बढ़कर अपने सर्वकालिक उच्च स्तर 69,825.60 अंक पर पहुंच गया। इससे अधिकांश कंपनियों के शेयर में उछाल दर्ज किया गया। 

LIC के मार्केट कैप में सबसे ज्यादा वृद्धि 

इस सप्ताह बाजार पूंजीकरण में सबसे ज्यादा वृद्धि भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी), आईसीआईसीआई बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और रिलायंस इंडस्ट्रीज में दर्ज की गई। निजी क्षेत्र के एचडीएफसी बैंक का बाजार पूंजीकरण 74,076.15 करोड़ रुपये बढ़कर 12,54,664.74 करोड़ रुपये हो गया। एलआईसी का बाजार पूंजीकरण 65,558.6 करोड़ रुपये बढ़कर 4,89,428.32 करोड़ रुपये हो गया। बृहस्पतिवार को एलआईसी के शेयर 52 सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंचते ही बीमा कंपनी ने पांच लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को छू लिया था। आईसीआईसीआई बैंक का बाजार पूंजीकरण 45,466.21 करोड़ रुपये बढ़कर 7,08,836.92 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। टीसीएस का बाजार पूंजीकरण 42,732.72 करोड़ रुपये बढ़कर 13,26,918.39 करोड़ रुपये हो गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड का बाजार पूंजीकरण 42,454.66 करोड़ रुपये बढ़कर 16,61,787.10 करोड़ रुपये हो गया। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का बाजार पूंजीकरण 37,617.24 करोड़ रुपये बढ़कर 5,47,971.17 करोड़ रुपये हो गया। इन्फोसिस का शेयर 15,916.92 करोड़ रुपये बढ़कर 6,18,663.93 करोड़ रुपये हो गया। 

हिंदुस्तान यूनिलीवर ने दिया निवेशकों को झटका 

हालांकि, हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार मूल्यांकन 9,844.79 करोड़ रुपये घटकर 5,92,414.19 करोड़ रुपये और भारती एयरटेल का 8,569.98 करोड़ रुपये घटकर 5,61,896.90 करोड़ रुपये रह गया। आईटीसी का पूंजीकरण भी 935.48 करोड़ रुपये घटकर 5,60,223.61 करोड़ रुपये रह गया। इसके साथ ही रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे मूल्यवान कंपनी के स्थान पर कायम है। इसके बाद टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड, भारती एयरटेल, आईटीसी, एसबीआई और एलआईसी हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा