1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार में लौटी रौनक! अमेरिका-ईरान डील की खबर से सेंसेक्स 1000 अंक उछला, निफ्टी ने फिर छुआ 24000 का आंकड़ा

शेयर बाजार में लौटी रौनक! अमेरिका-ईरान डील की खबर से सेंसेक्स 1000 अंक उछला, निफ्टी ने फिर छुआ 24000 का आंकड़ा

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : May 25, 2026 03:46 pm IST,  Updated : May 25, 2026 03:47 pm IST

सोमवार को अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते की खबरों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ा दिया, जिसका असर भारतीय शेयर बाजार पर देखने को मिला। सेंसेक्स करीब 1000 अंक तक उछल गया, जबकि निफ्टी ने एक बार फिर 24,000 का अहम स्तर पार कर लिया।

हरे निशान पर बंद हुआ...- India TV Hindi
हरे निशान पर बंद हुआ शेयर बाजार Image Source : CANVA

लगातार उतार-चढ़ाव और वैश्विक तनाव के बीच भारतीय शेयर बाजार में आखिरकार जोरदार तेजी लौट आई। सोमवार को सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ने शानदार बढ़त के साथ कारोबार खत्म किया। अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते की खबरों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया, जिससे बाजार में खरीदारी का माहौल बन गया। कच्चे तेल की कीमतों में आई बड़ी गिरावट ने भी बाजार को मजबूत सपोर्ट दिया। दिनभर की ट्रेडिंग में निवेशकों ने जमकर खरीदारी की और कई बड़े शेयरों में शानदार उछाल देखने को मिला।

सेंसेक्स 1000 अंक उछला, निफ्टी 24,000 के पार

कारोबार खत्म होने पर बीएसई सेंसेक्स 1073 अंक की तेजी के साथ 76,488 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी भी 312 अंक चढ़कर 24,031 के स्तर पर पहुंच गया। कई दिनों बाद निफ्टी ने 24 हजार का आंकड़ा दोबारा पार किया है, जिससे निवेशकों का उत्साह बढ़ गया।

इन शेयरों में दिखी सबसे ज्यादा तेजी

निफ्टी पर आइशर मोटर्स, एलएंडटी, बजाज फाइनेंस, अडानी एंटरप्राइजेज और एचडीएफसी बैंक सबसे ज्यादा चढ़ने वाले शेयरों में शामिल रहे। वहीं मैक्स हेल्थकेयर, ओएनजीसी, हिंडाल्को, टीसीएस और बजाज ऑटो में कमजोरी देखने को मिली।

सभी सेक्टर हरे निशान में बंद

बाजार की तेजी का असर लगभग सभी सेक्टरों पर दिखा। ऑयल एंड गैस, बैंकिंग, ऑटो, रियल्टी, मीडिया और एनर्जी इंडेक्स करीब 1 फीसदी तक मजबूत हुए। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिली।

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से राहत

ब्रेंट क्रूड की कीमत 5 फीसदी से ज्यादा गिरकर 100 डॉलर प्रति बैरल के नीचे पहुंच गई। माना जा रहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौते की उम्मीद से वैश्विक तेल सप्लाई को लेकर चिंता कम हुई है। इससे भारत जैसे तेल आयात करने वाले देशों को राहत मिल सकती है।

रुपये में भी आई मजबूती

डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया भी मजबूत हुआ। सोमवार को रुपया 47 पैसे की मजबूती के साथ 95.23 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर पश्चिम एशिया का तनाव कम होता है और कच्चा तेल सस्ता रहता है, तो आने वाले दिनों में बाजार में और तेजी देखने को मिल सकती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा