1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Infosys Q3FY26 Results: इन्फोसिस के प्रॉफिट में 2% की मामूली गिरावट, रेवेन्यू में 9 प्रतिशत का इजाफा

Infosys Q3FY26 Results: इन्फोसिस के प्रॉफिट में 2% की मामूली गिरावट, रेवेन्यू में 9 प्रतिशत का इजाफा

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Jan 14, 2026 05:56 pm IST,  Updated : Jan 14, 2026 06:08 pm IST

तीसरी तिमाही के दौरान, इन्फोसिस को लेबर कोड के असर के कारण 1289 करोड़ रुपये का एक खास खर्च उठाना पड़ा।

Infosys Q3FY26 Results, Infosys Q3 Results, infosys results, infosys, infosys share price- India TV Hindi
कंपनी के ऑपरेटिंग प्रॉफिट में 6 प्रतिशत की गिरावट Image Source : PTI

भारत की दूसरी सबसे बड़ी IT कंपनी इन्फोसिस ने बुधवार को चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर 2025) के वित्तीय नतीजे जारी कर दिए। इन्फोसिस ने बताया कि इस दौरान उनके नेट प्रॉफिट में सालाना आधार पर 2 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। इन्फोसिस का प्रॉफिट पिछले वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के 6806 करोड़ रुपये के मुकाबले 6654 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने बताया कि इस दौरान उनका ऑपरेशनल रेवेन्यू पिछले साल के मुकाबले 9 प्रतिशत बढ़कर 45,479 करोड़ रुपये हो गया। आईटी कंपनी ने मौजूदा वित्त वर्ष के लिए अपने रेवेन्यू गाइडेंस को कांस्टेंट करेंसी के हिसाब से 3-3.5% तक बढ़ा दिया है, जबकि मार्जिन का अनुमान 20-22% पर बरकरार रखा गया है।

इन्फोसिस ने बताया शानदार प्रदर्शन

इन्फोसिस के CEO और MD सलिल पारेख ने कहा, "इन्फोसिस ने तीसरी तिमाही में शानदार परफॉर्मेंस दी है, जिससे पता चलता है कि इन्फोसिस टोपाज के जरिए एंटरप्राइज AI में हमारे अलग-अलग वैल्यू प्रपोजिशन लगातार ज्यादा मार्केट शेयर हासिल कर रहे हैं।" तीसरी तिमाही के दौरान, इन्फोसिस को लेबर कोड के असर के कारण 1289 करोड़ रुपये का एक खास खर्च उठाना पड़ा। कांस्टेंट करेंसी के हिसाब से, रेवेन्यू पिछले साल के मुकाबले 1.7% और पिछली तिमाही के मुकाबले 0.6% बढ़ा। 

कंपनी के ऑपरेटिंग प्रॉफिट में 6 प्रतिशत की गिरावट

तीसरी तिमाही में कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट गिरकर 8355 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल के मुकाबले 6% और पिछली तिमाही के मुकाबले 10.7% कम है। लिहाजा, ऑपरेटिंग मार्जिन पिछले साल दिसंबर तिमाही के 21.3% और सितंबर तिमाही के 21% के मुकाबले घटकर 18.4% रह गया। मार्जिन में ये कमी लेबर कोड, ज्यादा सेल्स से जुड़े खर्च और नए डेवलपमेंट में इन्वेस्टमेंट के असर को दिखाती है। कंपनी ने बड़े डील जीतने का TCV (टोटल कॉन्ट्रैक्ट वैल्यू) 4.8 बिलियन डॉलर दर्ज किया, जिसमें 57% नए कॉन्ट्रैक्ट रहे।

आज मामूली बढ़त के साथ बंद हुए कंपनी के शेयर

बुधवार को इन्फोसिस के शेयर मामूली बढ़त के साथ बंद हुए। आज बीएसई पर आईटी कंपनी के शेयर 1.10 रुपये (0.07%) की बढ़त लेकर 1599.05 रुपये के भाव पर बंद हुए। आज कारोबार के दौरान इन्फोसिस के शेयर 1583.75 रुपये के इंट्राडे लो से लेकर 1616.20 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंचे थे। बीएसई पर कंपनी के शेयरों का 52 वीक हाई 1972.00 रुपये और 52 वीक लो 1307.10 रुपये है। टीसीएस के बाद देश की दूसरी सबसे बड़ी आईटी कंपनी का मौजूदा मार्केट कैप 6,64,352.17 करोड़ रुपये है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा