1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. भारत की टॉप-10 कंपनियों में से 7 का मार्केट कैप 88 हजार करोड़ घटा, निवेशकों की उड़ी नींद!

भारत की टॉप-10 कंपनियों में से 7 का मार्केट कैप 88 हजार करोड़ घटा, निवेशकों की उड़ी नींद!

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Nov 09, 2025 02:54 pm IST,  Updated : Nov 09, 2025 02:54 pm IST

पिछले सप्ताह शेयर बाजार में निवेशकों के लिए बड़े झटके की खबर रही। बीएसई सेंसेक्स 722.43 अंक, वहीं निफ्टी 229.8 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ। इस गिरावट के चलते भारत की टॉप 10 सबसे अधिक मूल्य वाली कंपनियों में से सात की कुल मार्केट वैल्यू में भारी कमी दर्ज की गई।

टॉप-10 कंपनियों में से 7...- India TV Hindi
टॉप-10 कंपनियों में से 7 ने खोए 88000 करोड़ Image Source : CANVA

पिछले हफ्ते शेयर बाजार में निवेशकों के लिए चिंता का माहौल रहा। छुट्टियों से कम समय वाले हफ्ते  में ही बीएसई और निफ्टी दोनों में गिरावट देखी गई, जिससे भारत की टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 7 की कुल मार्केट वैल्यू में भारी कमी आई। एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह गिरावट मुख्य रूप से कमजोर बाजार रुझानों और वैश्विक अनिश्चितताओं के चलते हुई।

एयरटेल-TCS को झटका

शुक्रवार को बीएसई का सेंसेक्स 722.43 अंक यानी 0.86 प्रतिशत गिर गया, वहीं निफ्टी 229.8 अंक या 0.89 प्रतिशत कम होकर बंद हुआ। इस गिरावट का सबसे बड़ा असर भारती एयरटेल और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) पर पड़ा। भारती एयरटेल का मार्केट कैप 30,506.26 करोड़ रुपये घटकर 11,41,048.30 करोड़ रुपये रह गया, जबकि TCS की वैल्यू में 23,680.38 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई और इसका कुल मार्केट कैप 10,82,658.42 करोड़ रुपये रह गया।

अन्य कंपनियों का नुकसान

अन्य प्रभावित कंपनियों में हिन्‍दुस्‍तान यूनिलीवर, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, इंफोसिस और आईसीआईसीआई बैंक शामिल हैं। हिन्‍दुस्‍तान यूनिलीवर का मार्केट कैप 12,253.12 करोड़ रुपये घटकर 5,67,308.81 करोड़ रुपये रहा। रिलायंस इंडस्ट्रीज की वैल्यू 11,164.29 करोड़ रुपये घटकर 20,00,437.77 करोड़ रुपये पर आ गई। वहीं, एचडीएफसी बैंक, इंफोसिस और आईसीआईसीआई बैंक के मार्केट कैप में क्रमशः 7,303.93 करोड़, 2,139.52 करोड़ और 1,587.78 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज हुई।

LIC और SBI उभरे

हालांकि, टॉप-10 कंपनियों में कुछ ऐसे भी रहे जिन्होंने लाभ कमाया। लाइफ इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन (LIC) का मार्केट कैप 18,469 करोड़ रुपये बढ़कर 5,84,366.54 करोड़ रुपये हो गया। इसी तरह, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में 17,492.02 करोड़ रुपये और बजाज फाइनेंस में 14,965.08 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई।

रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे मूल्यवान कंपनी

मार्केट कैप के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज अब भी सबसे मूल्यवान भारतीय कंपनी बनी हुई है, इसके बाद एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, TCS, आईसीआईसीआई बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बजाज फाइनेंस, इंफोसिस, LIC और हिन्‍दुस्‍तान यूनिलीवर का स्थान है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा