1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. हफ्ते के पहले कारोबारी दिन बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 216 अंक टूटकर बंद हुआ, बैंकिंग शेयरों में बिकवाली

हफ्ते के पहले कारोबारी दिन बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 216 अंक टूटकर बंद हुआ, बैंकिंग शेयरों में बिकवाली

 Edited By: Alok Kumar
 Published : Jun 19, 2023 03:36 pm IST,  Updated : Jun 19, 2023 05:15 pm IST

बीएसई सेंसेक्स 216.28 अंक लुढ़ककर 63,168.30 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई निफ्टी 70.75 अंक की गिरावट के साथ 18,755.25 अंक पर बंद हुआ।

Share Market - India TV Hindi
शेयर बाजार Image Source : FILE

हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को शेयर बाजार में गिरावट रही। वैश्विक बाजार में कमजोरी का असर आज भारतीय बाजार पर देखने को मिला। बीएसई सेंसेक्स 216.28 अंक लुढ़ककर 63,168.30 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई निफ्टी 70.75 अंक की गिरावट के साथ 18,755.25 अंक पर बंद हुआ। आज के कारोबार में प्राइवेट बैंकों के शेयरों में गिरावट रही। इसका दबाव निफ्टी 50 पर देखने को मिला। इंडेक्स की बात करें तो मिडकैप, स्मॉलकैप इंडेक्स में तेजी रही। सेंसेक्स में शालिम बजाज फाइनेंस के शेयरों में सबसे अधिक 2.24% की तेजी रही। वहीं कोटकबैंक के शेयर में सबसे अधिक गिरावट रही। कोटकबैंक का शेयर 1.72% टूटकर 1825.90 रुपये पर बंद हुआ। 

इस कारण बाजार में आई गिरावट 

विशेषज्ञों के अनुसार, निजी क्षेत्र के आईसीआईसीआई बैंक और कोटक बैंक जैसे शेयरों में भी तेज बिकवाली हुई। कारोबारियों के अनुसार, खासकर दोपहर के कारोबार में तेज बिकवाली से सेंसेक्स रिकॉर्ड स्तर से फिसल गया। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘मुख्य रूप से निजी क्षेत्र के बैंकों के शेयरों में मुनाफावसूली से घरेलू शेयर बाजार रिकॉर्ड स्तर से नीचे आया। पिछले सप्ताह जोरदार तेजी के बाद वैश्विक बाजार में भी हल्की सुस्ती रही।’’ सेंसेक्स के शेयरों में कोटक महिंद्रा बैंक सबसे ज्यादा 1.83 प्रतिशत नीचे आया। इसके अलावा एक्सिस बैंक, एनटीपीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इंडसइंड बैंक और नेस्ले भी प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। 

इन कंपनियों के शेयरों में रही तेजी 

इसके उलट लाभ में रहने वाले शेयरों में बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टाइटन, इन्फोसिस, एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी और आईटीसी शामिल हैं। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.38 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76.31 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 794.78 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा