1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Share Market: टॉप-10 कंपनियों की मार्केट वैल्यू ₹1.90 लाख करोड़ उछली, आईसीआईसीआई बैंक बना सबसे बड़ा स्टार

Share Market: टॉप-10 कंपनियों की मार्केट वैल्यू ₹1.90 लाख करोड़ उछली, आईसीआईसीआई बैंक बना सबसे बड़ा स्टार

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Jun 14, 2026 01:15 pm IST,  Updated : Jun 14, 2026 01:15 pm IST

भारतीय शेयर बाजार में पिछले हफ्ते शानदार तेजी देखने को मिली, जिसका सबसे बड़ा फायदा देश की दिग्गज कंपनियों को हुआ। टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 8 कंपनियों का कुल मार्केट कैप करीब 1.90 लाख करोड़ रुपये बढ़ गई।

आईसीआईसीआई बैंक की...- India TV Hindi
आईसीआईसीआई बैंक की मार्केट वैल्यू में जबरदस्त उछाल Image Source : ANI

भारतीय शेयर बाजार में बीते हफ्ते शानदार तेजी देखने को मिली, जिसका सीधा फायदा देश की सबसे बड़ी कंपनियों को हुआ। बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी में आई मजबूती के चलते टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 8 कंपनियों की कुल मार्केट वैल्यू (मार्केट कैपिटलाइजेशन) करीब ₹1.90 लाख करोड़ बढ़ गई। इस रैली में सबसे ज्यादा चमक आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में देखने को मिली, जिसने मार्केट वैल्यू बढ़ाने के मामले में सभी कंपनियों को पीछे छोड़ दिया।

शेयर बाजार में लौटी रौनक

पिछले सप्ताह सेंसेक्स 1,284 अंकों से ज्यादा और निफ्टी 256 अंकों से अधिक चढ़कर बंद हुआ। वैश्विक स्तर पर तनाव कम होने की उम्मीद, अमेरिका-ईरान शांति समझौते की संभावनाएं और विदेशी निवेश को आकर्षित करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के कदमों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया। रिलिगेयर ब्रोकिंग के रिसर्च प्रमुख अजीत मिश्रा के मुताबिक, बेहतर वैश्विक माहौल और घरेलू आर्थिक मजबूती ने बाजार को नई ऊर्जा दी है।

आईसीआईसीआई बैंक बना सबसे बड़ा विजेता

मार्केट वैल्यू में सबसे बड़ी बढ़ोतरी आईसीआईसीआई बैंक ने दर्ज की। बैंक की बाजार पूंजीकरण में ₹56,223 करोड़ का इजाफा हुआ और इसकी कुल वैल्यू बढ़कर ₹9.61 लाख करोड़ के करीब पहुंच गई। इसके बाद एचडीएफसी बैंक का नंबर रहा, जिसकी मार्केट वैल्यू में ₹38,571 करोड़ की बढ़ोतरी हुई। वहीं स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए ₹36,137 करोड़ का इजाफा दर्ज किया।

इन कंपनियों को भी हुआ बड़ा फायदा

  • बजाज फाइनेंस की वैल्यू ₹18,366 करोड़ बढ़ी।
  • भारती एयरटेल की मार्केट कैप में ₹14,380 करोड़ का इजाफा हुआ।
  • लार्सन एंड टुब्रो (L&T) की वैल्यू ₹13,241 करोड़ बढ़ी।
  • हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) ने ₹10,984 करोड़ जोड़े।
  • रिलायंस इंडस्ट्रीज की मार्केट वैल्यू में भी ₹2,097 करोड़ की बढ़ोतरी हुई।

TCS और LIC को हुआ नुकसान

जहां अधिकांश बड़ी कंपनियों ने तेजी का लाभ उठाया, वहीं टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) और एलआईसी की मार्केट वैल्यू में गिरावट दर्ज की गई। टीसीएस का मार्केट कैप करीब ₹13,296 करोड़ घट गया, जबकि एलआईसी की वैल्यू में ₹822 करोड़ की कमी आई।

कौन है सबसे मूल्यवान कंपनी?

ताजा आंकड़ों के अनुसार रिलायंस इंडस्ट्रीज अब भी भारत की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी हुई है। इसके बाद क्रमशः एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एलआईसी का स्थान है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा