1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार का मूड आज भी नहीं सुधरा, मजबूत शुरुआत के बाद मुनाफावसूली से लुढ़का सेंसेक्स-निफ्टी

शेयर बाजार का मूड आज भी नहीं सुधरा, मजबूत शुरुआत के बाद मुनाफावसूली से लुढ़का सेंसेक्स-निफ्टी

 Edited By: Alok Kumar
 Published : Feb 21, 2023 03:36 pm IST,  Updated : Feb 21, 2023 05:57 pm IST

बाजार बंद होने पर सेंसेक्स 18.82 अंक टूटकर 60,672.72 अंक पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी भी 17.90 अंक लुढ़कर 17,826.70 अंक पर पहुंच गया।

शेयर बाजार- India TV Hindi
शेयर बाजार Image Source : PTI

भारतीय शेयर बाजार का मूड ठीक होने का नाम नहीं ले रहा है। आज दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को मजबूत शुरुआत को बाजार थाम नहीं पाया। इसके चलते एक बार फिर मुनाफावसूली हावी हो गई, जिसके चलते बीएसई सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान में बंद हुए। बाजार बंद होने पर सेंसेक्स 18.82 अंक टूटकर 60,672.72 अंक पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी भी 17.90 अंक लुढ़कर 17,826.70 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स में शामिल आज जिन शेयरों में बिवकाली रही उनमें एसबीआई, मारुति, आईटीसी, इंडसइंड बैंक, इंफोसिस और टेक महिंद्रा प्रमुख रहें। निफ्टी में शामिल 50 में से 30 शेयरों में तेजी और 20 में गिरावट देखने को मिली।

आपको बता दें कि एशियाई बाजारों में मिलेजुले रूख और एचडीएफसीए एचडीएफसी बैंक के शेयरों में लिवाली के बीच मंगलवार को शुरुआती कारोबार में प्रमुख शेयर सूचकांकों सेंसेक्स और निफ्टी बढ़त के साथ खुले थे। बीएसई का सेंसेक्स मजबूत शुरुआत करते हुए 159.54 अंक चढ़कर 60,851.08 अंक पर खुला था। वहीं, निफ्टी 61.25 अंक बढ़कर 17,905.85 पर था। सेंसेक्स में एनटीपीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, भारती एयरटेल, टाटा स्टील, महिंद्रा एंड महिंद्रा, पॉवर ग्रिड, लार्सन एंड टूब्रो, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस, एचडीएफसी तथा एचडीएफसी बैंक बढ़ने वाले प्रमुख शेयर थे। वैश्विक बाजार में एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया और चीन लाभ में खुले थे जबकि हांगकांग और जापान नुकसान में थे। अमेरिकी बाजार सोमवार को बंद थे।

आज दिनभर ऐसी रही एनएसई निफ्टी की चाल

निफ्टी
Image Source : NSEनिफ्टी

निफ्टी में शामिल ये स्टॉक रहे टॉप 5 गेनर और लूजर ​ 

निफ्टी
Image Source : NSEनिफ्टी

लगातार तीन दिनों से बाजार में गिरावट

पिछले तीन दिनों में सेंसेक्स 646 अंक और निफ्टी 209 अंक नीचे आया है। सेंसेक्स के शेयरों में टाटा मोटर्स, सन फार्मा, विप्रो, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, अल्ट्राटेक सीमेंट, टेक महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इन्फोसिस और इंडसइंड बैंक प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। दूसरी तरफ लाभ में रहने वाले शेयरों में एनटीपीसी, पावरग्रिड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा स्टील, एचडीएफसी और एचडीएफसी बैंक शामिल हैं। सेंसेक्स के 17 शेयर नुकसान में जबकि 13 लाभ में रहे। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘शुरुआती बढ़त के बावजूद, वैश्विक बाजारों के नकारात्मक रुख का निवेशकों की धारणा पर असर पड़ा। मुद्रास्फीति को लेकर चिंता के बीच बाजार को अमेरिकी फेडरल रिजर्व (फेडरल ओपन मार्केट कमेटी) की बैठक के ब्योरे का इंतजार है। इससे मौद्रिक नीति को लेकर रुख का संकेत मिलेगा।’’ नायर ने कहा कि विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) के शुद्ध बिकवाल होने तथा अल नीनो के मौसम पर असर की आशंका से भी जोखिम लेने की धारणा प्रभावित हुई। 

निवेशक अपना रहे सतर्क रुख 

कोटक सिक्योरिटीज लि.के इक्विटी शोध प्रमुख (खुदरा) श्रीकांत चौहान ने कहा, ‘‘बाजार सीमित दायरे में रहा और अंत में गिरावट के साथ बंद हुआ। अमेरिकी बाजार के सोमवार को बंद होने निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘बाजार में पिछले कुछ कारोबारी सत्रों से नरमी से लेकर गिरावट का रुख रहा है। इसका कारण ब्याज दरों में वृद्धि, ऊंची मुद्रास्फीति, वैश्विक स्तर पर तनाव बढ़ना और वृद्धि दर का धीमा होना है।’’ एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई कम्पोजिट लाभ में जबकि हांगकांग का हैंगसेंग तथा जापान का निक्की नुकसान में रहे। शुरुआती कारोबार में यूरोप के बाजारों में गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार सोमवार को ‘प्रेजिडेंट डे’ के मौके पर बंद था। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.50 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82.81 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 158.95 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा