1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. अगले हफ्ते शेयर बाजार में जारी तेजी पर लगेगा ब्रेक! अमेरिकी फेडरल रिजर्व समेत ये कारण डालेंगे बाजार की चाल पर असर

अगले हफ्ते शेयर बाजार में जारी तेजी पर लगेगा ब्रेक! अमेरिकी फेडरल रिजर्व समेत ये कारण डालेंगे बाजार की चाल पर असर

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Apr 30, 2023 11:10 am IST,  Updated : May 01, 2023 06:49 am IST

स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट के वरिष्ठ तकनीकी विश्लेषक प्रवेश गौड़ ने कहा, ‘‘वैश्विक अर्थव्यवस्था अब भी ब्याज दरों में वृद्धि और मंदी के बीच उलझी हुई है। सभी की निगाह फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक के नतीजे पर है जिसकी घोषणा तीन मई को होगी।

Stock Market - India TV Hindi
शेयर बाजार Image Source : INDIA TV

अमेरिकी फेडरल रिजर्व अगले सप्ताह ब्याज दर बढ़ोतरी पर अपना फैसला सुनाएगा। इसके साथ ही टाटा स्टील, अडाणी ग्रीन, अंबुजा सीमेंट्स, टाइटन, हीरो मोटोकाॅर्प समेत कई बड़ी कंपनियों के तिमाही नतीजे जारी होंगे। इन कंपनियों के मजबूत नतीजे बाजार की दिशा तय करने का काम करेंगे। वहीं, कमजोर आने पर बाजार में गिरावट देखने को मिल सकती है। मार्केट एक्सपर्ट ने यह राय जताई है। इसके अलावा विदेशी कोषों की गतिविधियां, वाहन बिक्री के मासिक आंकड़े और वैश्विक रुख से भी बाजार का रुख निर्धारित होगा। सोमवार को ‘महाराष्ट्र दिवस’ पर शेयर बाजार में अवकाश रहेगा।

अर्थव्यवस्था ब्याज दरों में वृद्धि और मंदी के बीच उलझी हुई

स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट के वरिष्ठ तकनीकी विश्लेषक प्रवेश गौड़ ने कहा, ‘‘वैश्विक अर्थव्यवस्था अब भी ब्याज दरों में वृद्धि और मंदी के बीच उलझी हुई है। सभी की निगाह फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक के नतीजे पर है जिसकी घोषणा तीन मई को होगी। यूरोपीय केंद्रीय बैंक (ईसीबी) चार मई को ब्याज दर पर निर्णय की घोषणा करेगा। निकट भविष्य में वृहद आर्थिक आंकड़ों की वजह से बाजार का रुख कमजोर रह सकता है।’’ उन्होंने कहा कि भारतीय शेयर बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की ओर से लगातार निवेश आ रहा है। शुक्रवार को उन्होंने 3,304 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड लिवाली की, जो भारतीय बाजार के प्रति उनके भरोसे को दर्शाता है।

वाहन बिक्री के आंकड़े महत्वपूर्ण रहेंगे

उन्होंने कहा कि इस सप्ताह घरेलू बाजार के लिए कंपनियों के चौथी तिमाही के परिणाम, वाहन बिक्री के आंकड़े महत्वपूर्ण रहेंगे। सप्ताह के दौरान निफ्टी 50 की कंपनियों, टाटा स्टील, टाइटन, हीरो मोटोकॉर्प और एचडीएफसी लिमिटेड के तिमाही नतीजे आएंगे। इसके अलावा सप्ताह के दौरान अडाणी ग्रीन एनर्जी, अंबुजा सीमेंट्स, टाटा स्टील, यूको बैंक, अडाणी एंटरप्राइजेज, भारत फोर्ज और फेडरल बैंक के वित्तीय परिणाम भी आने हैं।

पीएमआई के निवेशकों की धारणा को प्रभावित करेंगे

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘घरेलू बाजार में खरीद प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) के आंकड़े और कंपनियों के तिमाही नतीजे निवेशकों की धारणा को प्रभावित करेंगे।’’ विनिर्माण और सेवा क्षेत्र के पीएमआई आंकड़ों से बाजार की दिशा तय होगी। कोटक सिक्योरिटीज लि.के तकनीकी विश्लेषक (डीवीपी) अमोल अठावले ने कहा, ‘‘एफआईआई की लिवाली, उम्मीद से बेहतर तिमाही नतीजों और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से पिछले कुछ सत्रों में बाजार में तेज रही है। आगे चलकर इसकी वजह से मुनाफावसूली देखने को मिल सकती है।’’ बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,457.38 या 2.44 प्रतिशत के लाभ में रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा