1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Paytm के नेट प्रॉफिट में 79% की बंपर बढ़ोतरी, 182% बढ़कर रिकॉर्ड 203 करोड़ रुपये पर पहुंचा EBITDA

Paytm के नेट प्रॉफिट में 79% की बंपर बढ़ोतरी, 182% बढ़कर रिकॉर्ड 203 करोड़ रुपये पर पहुंचा EBITDA

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Jul 21, 2026 12:34 pm IST,  Updated : Jul 21, 2026 12:34 pm IST

पेटीएम का कंज्यूमर यूपीआई कारोबार लगातार 5वीं तिमाही में बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने में सफल रहा।

paytm, paytm share price, one97 communications, q1 results, upi- India TV Hindi
79% बढ़ा पेटीएम का नेट प्रॉफिट Image Source : PAYTM

वन97 कम्युनिकेशन्स ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी कर दिए हैं। डिजिटल पेमेंट और फाइनेंशियल सर्विसेज प्लेटफॉर्म पेटीएम की पैरेंट कंपनी ने बताया कि पहली तिमाही में उनका नेट प्रॉफिट 79 प्रतिशत बढ़कर 220 करोड़ रुपये हो गया। इस दौरान कंपनी ने 203 करोड़ रुपये की अब तक का सबसे ज्यादा EBITDA दर्ज किया।

182% बढ़कर रिकॉर्ड 203 करोड़ रुपये पर पहुंचा कंपनी का EBITDA

कंपनी ने सोमवार को जारी किए गए बयान में कहा कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में उसका ऑपरेशनल रेवेन्यू सालाना आधार पर 28 प्रतिशत बढ़कर 2,448 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, EBITDA 182 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 203 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान EBITDA मार्जिन बढ़कर 8 प्रतिशत हो गया। कंपनी का नेट प्रॉफिट 79 प्रतिशत बढ़कर 220 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने शानदार नतीजों का क्रेडिट व्यापारियों और उपभोक्ता कारोबार में तेज बढ़ोतरी, EBITDA मार्जिन में विस्तार और एआई आधारित परिचालन दक्षता को दिया है।

लगातार 5वीं तिमाही में बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने में सफल रही कंपनी

पेटीएम का कंज्यूमर यूपीआई कारोबार लगातार 5वीं तिमाही में बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने में सफल रहा। कंज्यूमर यूपीआई ग्रॉस ट्रांजैक्शन वैल्यू (GTV) 45 प्रतिशत बढ़कर 5.9 लाख करोड़ रुपये हो गया, जो इंडस्ट्री के ग्रोथ रेट का 2.2 गुना है। मंथली ट्रांजैक्शन्स करने वाले यूजर्स की संख्या भी 60 लाख की बढ़ोतरी के साथ 8 करोड़ हो गई। कंपनी का कैश बैलेंस जून, 2026 के अंत तक बढ़कर 13,529 करोड़ रुपये हो गया, जिससे कारोबार के विस्तार के लिए पर्याप्त वित्तीय मजबूती उपलब्ध है। 

बोनस शेयर जारी करने का प्रस्ताव टला

इसी बीच, वन97 कम्युनिकेशंस के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने फिलहाल बोनस शेयर जारी करने के प्रस्ताव पर आगे नहीं बढ़ने का फैसला किया है। कंपनी का कहना है कि वो शेयरहोल्डरों के लिए वैल्यू क्रिएशन के उद्देश्य से वृद्धि और लाभप्रदता को और मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित करेगी। ये फैसला 30 जून, 2026 को समाप्त तिमाही के वित्तीय परिणामों के साथ लिया गया।

मंगलवार को बड़ी गिरावट के साथ ट्रेड कर रहे हैं कंपनी के शेयर

शानदार नतीजों के बावजूद पेटीएम के शेयरों में बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। मंगलवार को दोपहर 12.25 बजे, बीएसई पर पेटीएम के शेयर 2.07 प्रतिशत (27.95 रुपये) की बड़ी गिरावट के साथ 1320.05 रुपये के लेवल पर ट्रेड कर रहे थे। बीएसई पर कंपनी के शेयरों का 52 वीक हाई 1,407.00 रुपये और 52 वीक लो 947.10 रुपये है।

ये भी पढ़ें

SBI Funds Management की शेयर बाजार में एंट्री, 7% प्रीमियम के साथ लिस्ट हुए शेयर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा