1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Saraswati Saree Depot IPO को दूसरे दिन मिला 16.33 गुना सब्सक्रिप्शन, बोली के लिए कल भर मौका

Saraswati Saree Depot IPO को दूसरे दिन मिला 16.33 गुना सब्सक्रिप्शन, बोली के लिए कल भर मौका

 Published : Aug 13, 2024 08:13 pm IST,  Updated : Aug 13, 2024 08:18 pm IST

कंपनी आईपीओ से जुटाई राशि का उपयोग कार्यशील पूंजी जरूरतों और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए करने का प्रस्ताव करती है। कंपनी के इक्विटी शेयर बीएसई और एनएसई में सूचीबद्ध होने की उम्मीद है।

कोल्हापुर स्थित यह कंपनी साड़ियों के व्यवसाय में साल 1966 से है।- India TV Hindi
कोल्हापुर स्थित यह कंपनी साड़ियों के व्यवसाय में साल 1966 से है। Image Source : SARASWATI SAREE DEPOT

साड़ी थोक सेगमेंट में अग्रणी कंपनी सरस्वती साड़ी डिपो की आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (आईपीओ) को मंगलवार को दूसरे दिन 16. 33 गुना सब्सक्रिप्शन (अभिदान) मिला। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के आंकड़ों के मुताबिक, 160 करोड़ रुपये की आरंभिक शेयर बिक्री में 1,00,00,800 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 16,33,54,410 शेयरों के लिए बोलियां हासिल हुईं। पीटीआई की खबर के मुताबिक, गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए 57. 16 गुना सब्सक्रिप्शन (अभिदान) मिला, जबकि खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों (आरआईआई) की कैटेगरी को 20. 28 गुना अभिदान (बोली) मिला।

आरंभिक शेयर बिक्री 14 अगस्त तक

खबर के मुताबिक, योग्य संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के लिए कोटा को 1. 32 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (आईपीओ) में 64,99,800 इक्विटी शेयरों का ताजा निर्गम और 35,01,000 इक्विटी शेयरों की बिक्री का प्रस्ताव है। प्रस्ताव के लिए मूल्य सीमा 152-160 रुपये प्रति शेयर है। आरंभिक शेयर बिक्री 14 अगस्त को समाप्त होगी। कंपनी नए निर्गम से हासिल शुद्ध आय का उपयोग कार्यशील पूंजी जरूरतों और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए करने का प्रस्ताव करती है।

महिलाओं के परिधान के कारोबार में है कंपनी

कोल्हापुर स्थित यह कंपनी, जिसका साड़ियों के व्यवसाय में साल 1966 से है, महिलाओं के परिधान जैसे कुर्तियां, ड्रेस मटीरियल, ब्लाउज पीस, लहंगे और बॉटम्स के थोक व्यवसाय में भी लगी हुई है। कंपनी भारत भर में विभिन्न निर्माताओं से साड़ियां मंगवाती है और सूरत, वाराणसी, मऊ, मदुरै, धर्मावरम, कोलकाता और बेंगलुरु जैसे केंद्रों में संबंध विकसित कर चुकी है। सरस्वती साड़ी डिपो महाराष्ट्र के कोल्हापुर और उल्हासनगर में दो स्टोर से संचालित होती है। यूनिस्टोन कैपिटल इस प्रस्ताव का प्रबंधक है। कंपनी के इक्विटी शेयर बीएसई और एनएसई में सूचीबद्ध होने की उम्मीद है।

कितना चल रहा है जीएमपी

सरस्वती साड़ी डिपो आईपीओ खुलने से पहले कंपनी के शेयर ग्रे मार्केट में उपलब्ध हैं। शेयर बाजार के जानकारों के मुताबिक, सरस्वती साड़ी डिपो आईपीओ जीएमपी (ग्रे मार्केट प्रीमियम) मंगलवार को ₹34 है। बोलीदाता कई तरह से अप्लाई कर सकता है, और बुक बिल्ड इश्यू के एक लॉट में 90 कंपनी शेयर शामिल होते हैं। शेयर अलॉटमेंट शुक्रवार, 16 अगस्त, 2024 को फाइनल हो सकता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा