Tuesday, February 10, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार में आया सावन झूम के, सेंसेक्स और निफ्टी ने रचा इतिहास, अब क्या 21 हजार की तैयारी

शेयर बाजार में आया सावन झूम के, सेंसेक्स और निफ्टी ने रचा इतिहास, अब क्या 21 हजार की तैयारी

Edited By: Alok Kumar @alocksone
Published : Jul 20, 2023 03:43 pm IST, Updated : Jul 20, 2023 05:24 pm IST

पहली बार निफ्टी 50 136.40 अंक की मजबूती के साथ 19,969.55 अंक पर बंद हुआ। वहीं, सेंसेक्स भी 474.46 अंक चढ़कर 67,571.90 अंक के लाइफ हाई पर बंद हुआ।

Share Market - India TV Paisa
Photo:PTI शेयर बाजार

भारतीय शेयर बाजार ने सभी अनुमानों को झुठलाते हुए आज इतिहास रच दिया। सेंसेक्स और निफ्टी लगातार छठे दिन तेजी के साथ बंद हुए। इसके साथ ही पहली बार निफ्टी 50 136.40 अंक की मजबूती के साथ 19,969.55 अंक पर बंद हुआ। वहीं, सेंसेक्स भी 474.46 अंक चढ़कर 67,571.90 अंक के लाइफ हाई पर बंद हुआ। सेंसेक्स में शामिल शेयरों पर नजर डालें तो 30 में से 20 शेयरों में तेजी और 10 में गिरावट देखने को मिली। सबसे अधिक उछाल आईटीसी के शेयरों में देखने को मिला। इसके अलावा बैंकिंग और फार्मा शेयरों में भी अच्छी तेजी रही है।

ऐसे में अब बड़ा सवाल कि क्या निफ्टी जल्द 20 हजार के अहम लेवल को पार कर 21 हजार की ओर चलेगा। वहीं, ​सेंसेक्स 70 हजार के स्तर को दिखाएगा। मार्केट एक्सपर्ट का कहना है कि यह कहना अभी थोड़ा जल्दबाजी होगा क्योंकि जिस तेजी से बाजार ऊपर गया है, वैसे में लग रहा है कि कभी भी मुनाफावसूली देखने को मिल सकता है। ऐसे में शॉर्ट टर्म में 21 हजार के स्तर पर निफ्टी के पहुंचने में थोड़ा संशय है। हां, साल के अंत तक यह लेवल देखने को मिल सकता है। 

लगातार छठे दिन रही शेयर बाजार में तेजी 

दोनों शेयर सूचकांकों में तेजी का यह लगातार छठा कारोबारी सत्र रहा। इस दौरान सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ने अपने सर्वोच्च स्तर के कई नए शिखर छुए हैं। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में आईटीसी ने सर्वाधिक तीन प्रतिशत की बढ़त हासिल की। कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, मारुति, भारती एयरटेल, भारतीय स्टेट बैंक, सन फार्मास्युटिकल, एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, हिंदुस्तान यूनिलीवर और जेएसडब्ल्यू स्टील के भी शेयरों में बढ़त दर्ज की गई। दूसरी तरफ इन्फोसिस, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बजाज फिनसर्व, लार्सन एंड टुब्रो, टाइटन, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और विप्रो के शेयरों में गिरावट का रुख देखा गया। 

विदेशी निवेशकों की ओर निवेश जारी

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने अपनी खरीदारी गतिविधियां जारी रखी हैं। उन्होंने बुधवार को 1,165.47 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की खरीदारी की। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट के साथ बंद हुए। हालांकि, यूरोपीय बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। बुधवार को अमेरिकी बाजारों में भी तेजी रही थी। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.13 प्रतिशत चढ़कर 79.56 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

Latest Business News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा

Advertisement
Advertisement
Advertisement