1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. सेंसेक्स लाल तो निफ्टी हरे निशान में बंद लेकिन IndusInd Bank ने निवेशकों को रुलाया, आज डूब गए 18,000 करोड़

सेंसेक्स लाल तो निफ्टी हरे निशान में बंद लेकिन IndusInd Bank ने निवेशकों को रुलाया, आज डूब गए 18,000 करोड़

 Edited By: Alok Kumar
 Published : Mar 11, 2025 03:45 pm IST,  Updated : Mar 11, 2025 04:57 pm IST

इंडसइंड बैंक के शेयर में यह गिरावट तब आई जब बैंक ने अपने डेरेवेटिव पोर्टफोलियो में खामी की बात मानी, जिसके चलते बैंक का मुनाफा 1500 करोड़ रुपये कम होने का अनुमान है।

Share Market - India TV Hindi
शेयर बाजार Image Source : FILE

शेयर बाजार में मंगलवार को दिनभर उतार-चढ़ाव रहा। कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 12.85 अंक टूटकर 74,102.32 अंक पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी 37.60 अंकों की तेजी के साथ 22,497.90 अंक पर बंद हुआ। शेयर बाजार में आज सबसे अधिक पिटाई इंडसइंड बैंक के शेयर में हुई। शेयर -27.02% टूटकर 657.25 रुपये पर बंद हुआ। इसके चलते आज बैंक के शेयर में निवेश करने वाले निवेशकों के करीब 18,000 करोड़ रुपये डूब गए। इंडसइंड बैंक के शेयर में यह गिरावट तब आई जब बैंक ने अपने डेरेवेटिव पोर्टफोलियो में खामी की बात मानी, जिसके चलते बैंक का मुनाफा 1500 करोड़ रुपये कम होने का अनुमान है। इसके बाद आज शेयर में तीन बार लोअर सर्किट लगा। 5 दिन में बैंक का शेयर 33.93% टूट गया है। आपको बता दें कि अमेरिकी बाजारों में कमजोरी और इंफोसिस के शेयरों में भारी बिकवाली के चलते मंगलवार को शुरुआती कारोबार में प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान में खुले थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक सोमवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 485.41 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। दूसरी ओर घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 263.51 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। 

इन शेयरों में रही गिरावट 

सेंसेक्स में शामिल शेयरों में इंडसइंड बैंक, इन्फोसिस, बजाज फिनसर्व, महिंद्रा एंड महिंद्रा, जोमैटो, हिंदुस्तान यूनिलीवर, पावर ग्रिड, एक्सिस बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, अदाणी पोर्ट्स और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज नुकसान में रहे। दूसरी ओर, लाभ में रहने वाले शेयरों में सन फार्मास्युटिकल्स, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, मारुति सुजुकी इंडिया, लार्सन एंड टुब्रो, रिलायंस इंडस्ट्रीज, कोटक महिंद्रा बैंक और टाइटन शामिल हैं।

घरेलू बाजार में धीरे-धीरे सुधार के संकेत

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘व्यापार युद्ध के कारण आर्थिक नरमी की चिंताओं के बीच अमेरिका और अन्य एशियाई बाजारों में भारी बिकवाली के बावजूद, घरेलू बाजार में धीरे-धीरे सुधार के संकेत दिख रहे हैं।’’ नायर ने कहा, ‘‘शेयरों के मूल्यांकन में आई नरमी, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, डॉलर सूचकांक में कमी और घरेलू कंपनियों की आय में उछाल की उम्मीदों के कारण बाजार में अपेक्षाकृत कम अस्थिरता देखी जा रही है।’’ उन्होंने कहा कि इस सप्ताह जारी होने वाले खुदरा मुद्रास्फीति के आंकड़ों पर निवेशकों की नजर है। इससे प्रमुख ब्याज दर में कटौती के बारे में संकेत मिलेगा। एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी नुकसान में रहे। वहीं हांगकांग का हैंगसेंग स्थिर रहा। चीन का शंघाई कम्पोजिट लाभ में रहा। 

अमेरिकी शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट 

अमेरिकी बाजारों में सोमवार को चार प्रतिशत की गिरावट आई। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.71 प्रतिशत की बढ़त के साथ 69.77 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 485.41 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 263.51 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। सोमवार को बीएसई सेंसेक्स 217.41 अंक टूटा था, जबकि एनएसई निफ्टी में 92.20 अंक की गिरावट आई थी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा