1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार में हफ्ते की शानदार शुरूआत, सेंसेक्स 491 अंक उछलकर हुआ बंद निफ्टी 17300 के पार

शेयर बाजार में हफ्ते की शानदार शुरूआत, सेंसेक्स 491 अंक उछलकर हुआ बंद निफ्टी 17300 के पार

 Published : Oct 17, 2022 06:20 pm IST,  Updated : Oct 17, 2022 06:20 pm IST

बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 491.01 अंक यानी 0.85 प्रतिशत बढ़कर 58,410.98 अंक पर पहुंच गया। हालांकि इसकी शुरुआत कमजोर रही थी और यह 57,639.80 अंक तक फिसल गया था।

Stock Market- India TV Hindi
Stock Market Image Source : PTI

Highlights

  • घरेलू निवेशकों की खरीदारी से सोमवार को सेंसेक्स 491 अंक उछल गया
  • निफ्टी एक बार फिर 17,300 का स्तर हासिल करने में सफल रहा
  • एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और इंडसइंड बैंक अच्छी बढ़त लेने में सफल

भारतीय शेयर बाजारों के लिए हफ्ते की शुरुआत काफी शानदार हुई है। अमेरिका और एशियाई बाजारों में बढ़त का असर भारतीय बाजारों पर भी दिखाई दिया। इसके साथ ही घरेलू निवेशकों की खरीदारी से सोमवार को सेंसेक्स 491 अंक उछल गया जबकि निफ्टी एक बार फिर 17,300 का स्तर हासिल करने में सफल रहा। 

लगातार दूसरे दिन बाजार में तेजी 

दोनों ही सूचकांक लगातार दूसरे कारोबारी दिवस पर बढ़त लेने में सफल रहे। शुक्रवार को भी दोनों सूचकांकों में बढ़त दर्ज की गई थी। सप्ताह के पहले कारोबारी दिवस पर बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 491.01 अंक यानी 0.85 प्रतिशत बढ़कर 58,410.98 अंक पर पहुंच गया। हालांकि इसकी शुरुआत कमजोर रही थी और यह 57,639.80 अंक तक फिसल गया था। लेकिन कुछ समय बाद ही सेंसेक्स संभल गया और कारोबार के अंत तक अपनी मजबूती को बनाए रखा। एक समय सेंसेक्स ने 58,449 अंक का स्तर भी छू लिया था। एनएसई का सूचकांक निफ्टी भी कारोबार के अंत में 126.10 अंक यानी 0.73 अंक की तेजी के साथ 17,311.80 अंक पर पहुंच गया। 

ये हैं टॉप गेनर और लूजर

सेंसेक्स में शामिल शेयरों में से एसबीआई, एनटीपीसी, बजाज फिनसर्व, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और इंडसइंड बैंक अच्छी बढ़त लेने में सफल रहे। दूसरी तरफ लार्सन एंड टुब्रो, एचसीएस टेक्नोलॉजीज, विप्रो, टाटा स्टील, नेस्ले, पावर ग्रिड और भारती एयरटेल के शेयरों को नुकसान उठाना पड़ा।

हरे निशान पर एशियाई बाजार 

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त लेने में सफल रहे जबकि जापान का निक्की गिरावट के साथ बंद हुआ। यूरोप के शेयर बाजार दोपहर के सत्र में बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। हालांकि अमेरिकी शेयर बाजार शुक्रवार को खासी गिरावट के साथ बंद हुए थे। 

क्रूड में मामूली गिरावट 

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.07 प्रतिशत गिरकर 91.57 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर पहुंच गया। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को शुद्ध बिकवाली की थी। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक विदेशी निवेशकों ने शुक्रवार को 1,011.23 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा