1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Stock Market का रिकॉर्डतोड़ सफर जारी, सेंसेक्स निफ्टी लगातार छठे दिन नए शिखर पर

Stock Market का रिकॉर्डतोड़ सफर जारी, सेंसेक्स निफ्टी लगातार छठे दिन नए शिखर पर

 Published : Nov 29, 2022 06:18 pm IST,  Updated : Nov 29, 2022 06:18 pm IST

सेंसेक्स के शेयरों में हिंदुस्तान यूनिलीवर, सन फार्मा, नेस्ले, डॉ.रेड्डीज, टाटा स्टील, आईसीआईसीआई बैंक, टाइटन और एचसीएल टेक्नोलॉजीज प्रमुख रूप से लाभ में रहे।

Stock Market- India TV Hindi
Stock Market Image Source : FILE

भारतीय शेयर बाजार का स्वर्णिम सफर जारी है। विदेशी बाजारों से मिलेग सकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार छठे कारोबारी दिन तेजी का सिलसिला जारी रहा और दोनों मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी एक बार फिर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए। 

ये है आज के कारोबार का हाल

बाजार के जानकारों के अनुसार विदेशी पूंजी प्रवाह जारी रहने के साथ बाजार में तेजी रही। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 177.04 अंक यानी 0.28 प्रतिशत की तेजी के साथ रिकॉर्ड 62,681.84 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 382.6 अंक तक चढ़ गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 55.30 अंक यानी 0.30 प्रतिशत की बढ़त के साथ अपने अबतक के उच्चतम स्तर 18,618.05 अंक पर बंद हुआ। 

इन शेयरों ने दिया मुनाफा 

सेंसेक्स के शेयरों में हिंदुस्तान यूनिलीवर, सन फार्मा, नेस्ले, डॉ.रेड्डीज, टाटा स्टील, आईसीआईसीआई बैंक, टाइटन और एचसीएल टेक्नोलॉजीज प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में इंडसइंड बैंक, बजाज फिनसर्व, मारुति, पावरग्रिड और लार्सन एंड टुब्रो शामिल हैं। 

विदेशी बाजारों में भी तेजी 

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में रहे, जबकि जापान के निक्की में नुकसान रहा। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी बाजार वॉल स्ट्रीट सोमवार को नुकसान में रहा था। 

क्या कहते हैं जानकार

आनंद राठी शेयर्स एंड स्टॉक ब्रोकर्स के प्रमुख (बुनियादी शोध) नरेन्द्र सोलंकी ने कहा, ‘‘एशिया के अन्य बाजारों में सकारात्मक रुख के साथ भारतीय बाजार बढ़त के साथ खुला। दोपहर के कारोबार में दैनिक उपयोग का सामान तथा टिकाऊ उपभोक्ता सामान बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में भारी लिवाली से बाजार में सकारात्मक रुख बना रहा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) के सकारात्मक रुख से भी धारणा मजबूत हुई है। 

FII ने नवंबर में की जोरदार वापसी 

एफआईआई ने नवंबर महीने में अबतक 32,344 करोड़ रुपये का निवेश किया है और वे शुद्ध लिवाल बने हुए हैं।’’ इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.45 प्रतिशत की बढ़त के साथ 85.23 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार एफआईआई ने सोमवार को 935.88 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा