1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार में एक बार फिर महाविनाश, सेंसेक्स 820 और निफ्टी 257 अंक टूटा

शेयर बाजार में एक बार फिर महाविनाश, सेंसेक्स 820 और निफ्टी 257 अंक टूटा

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Nov 12, 2024 03:35 pm IST,  Updated : Nov 12, 2024 03:50 pm IST

आज बीएसई सेंसेक्स 820.97 अंकों की गिरावट के साथ 78,675.18 अंकों पर बंद हुआ और इसी तरह एनएसई का निफ्टी 50 भी 257.85 अंकों की बड़ी गिरावट के साथ 23,883.45 अंकों पर बंद हुआ।

शेयर बाजार में एक बार फिर बड़ी गिरावट- India TV Hindi
शेयर बाजार में एक बार फिर बड़ी गिरावट Image Source : FREEPIK

Share Market Closing 12th November, 2024: शेयर बाजार निवेशकों के लिए अक्टूबर से शुरू हुआ बुरा दौर लगातार जारी है। मंगलवार को शेयर बाजार में एक बार फिर महाविनाश देखने को मिला। आज बीएसई सेंसेक्स 820.97 अंकों की गिरावट के साथ 78,675.18 अंकों पर बंद हुआ और इसी तरह एनएसई का निफ्टी 50 भी 257.85 अंकों की बड़ी गिरावट के साथ 23,883.45 अंकों पर बंद हुआ। बताते चलें कि बाजार आज ठीक-ठाक बढ़त के साथ हरे निशान में खुला था। लेकिन कारोबार के आखिरी कुछ घंटों में अचानक बिकवाली हावी हो गई और मार्केट क्रैश हो गया।

सेंसेक्स की 30 में से 26 कंपनियों के शेयरों में गिरावट

 

आज की इस ताजा गिरावट का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सेंसेक्स की 30 में से 26 कंपनियों के शेयर नुकसान के साथ लाल निशान में बंद हुए और सिर्फ 3 कंपनियों के शेयर ही मामूली बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर आज बिना किसी बदलाव के साथ बंद हुआ। निफ्टी 50 की भी 50 में से 46 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए और सिर्फ 4 कंपनियों के शेयर ही बढ़त लेकर हरे निशान में बंद हुए।

एनटीपीसी में सबसे बड़ी गिरावट

सेंसेक्स की कंपनियों में शामिल एनटीपीसी के शेयरों में आज सबसे ज्यादा 3.06 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा एचडीएफसी बैंक के शेयर 2.73 प्रतिशत, एशियन पेंट्स 2.65 प्रतिशत, भारतीय स्टेट बैंक 2.52 प्रतिशत, टाटा मोटर्स 2.46 प्रतिशत, जेएसडब्लू स्टील 2.28 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 2.27 प्रतिशत, पावरग्रिड 2.12 प्रतिशत, अडाणी पोर्ट्स 2.02 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 1.98 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 1.68 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 1.61 प्रतिशत, नेस्ले इंडिया 1.43 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर 1.38 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए। 

इन 3 कंपनियों के शेयर ही हरे निशान में हुए बंद

इनके साथ ही एक्सिस बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, लार्सन एंड टुब्रो, अल्ट्राटेक सीमेंट, टेक महिंद्रा, आईटीसी, टाटा स्टील, टाइटन, टीसीएस, भारती एयरटेल, एचसीएल टेक और इंडसइंड बैंक के शेयरों में भी गिरावट दर्ज की गई। सनफार्मा के शेयर आज 0.28 प्रतिशत, इंफोसिस 0.06 प्रतिशत और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर 0.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा