1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. 6 लाख करोड़ रुपये बर्बाद, देखते ही देखते डूब गई शेयर बाजार निवेशकों की कमाई

6 लाख करोड़ रुपये बर्बाद, देखते ही देखते डूब गई शेयर बाजार निवेशकों की कमाई

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Nov 04, 2024 04:53 pm IST,  Updated : Nov 04, 2024 04:53 pm IST

एक्सपर्ट्स का मानना है कि अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव को लेकर अनिश्चितता के कारण ये गिरावट दर्ज की गई। इसी बीच भारतीय शेयर बाजार में जारी गिरावट अपने 3 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है।

3 महीने के निचले स्तर पर पहुंचा शेयर बाजार- India TV Hindi
3 महीने के निचले स्तर पर पहुंचा शेयर बाजार Image Source : FREEPIK

शेयर बाजार में आज आई तबाही की वजह से निवेशकों की लंबे समय से इकट्ठा की गई कमाई डूब गई। सोमवार को स्टॉक मार्केट में भारी-भरकम गिरावट की वजह से निवेशकों के 6.08 लाख करोड़ रुपये बर्बाद हो गए। सिर्फ आज की इस गिरावट की वजह से सेंसेक्स में लिस्ट कंपनियों का मार्केट कैप 6.08 लाख करोड़ रुपये घटकर 442.02 लाख करोड़ रुपये रह गया। बताते चलें कि आज सेंसेक्स 941.88 अंकों की भारी गिरावट के साथ 78,782.24 अंकों पर बंद हुआ और निफ्टी 50 भी 309.00 अंकों की गिरावट के साथ 23,995.35 अंकों पर बंद हुआ।

3 महीने के निचले स्तर पर पहुंचा शेयर बाजार

एक्सपर्ट्स का मानना है कि अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव को लेकर अनिश्चितता के कारण ये गिरावट दर्ज की गई। इसी बीच भारतीय शेयर बाजार में जारी गिरावट अपने 3 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। आसान भाषा में कहें तो शेयर बाजार 3 महीने पीछे पहुंच गया है। आज की ये गिरावट 3 अक्टूबर से लेकर अभी तक की सबसे बड़ी गिरावट है। सोमवार को सेंसेक्स समेत निफ्टी 50 की भी आधे से ज्यादा कंपनियों के शेयर लाल निशान में बंद हुए। जहां सेंसेक्स की 30 में से 24 कंपनियों के शेयर नुकसान में रहे तो वहीं दूसरी ओर निफ्टी 50 की भी 50 में से 42 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स की इन कंपनियों में दर्ज की गई सबसे ज्यादा गिरावट

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में शामिल अडाणी पोर्ट्स के शेयर आज सबसे ज्यादा 3.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए। इसके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर 2.77 प्रतिशत, सनफार्मा 2.68 प्रतिशत, एनटीपीसी 2.59 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 2.44 प्रतिशत, टाटा मोटर्स 2.31 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 2.15 प्रतिशत, पावरग्रिड 2.08 प्रतिशत और टाइटन के शेयर 2.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।

निफ्टी की कंपनियों का भी रहा बुरा हाल

इसी तरह, निफ्टी 50 में शामिल हीरो मोटोकॉर्प के शेयर सबसे ज्यादा 4.25 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए। इसके अलावा Grasim के शेयर 3.96 प्रतिशत, बजाज ऑटो के शेयर 3.46 प्रतिशत, बीपीसीएल के शेयर 3.05 प्रतिशत, आयशर मोटर्स के शेयर 2.49 प्रतिशत, हिंडाल्को के शेयर 2.45 प्रतिशत, कोल इंडिया के शेयर 2.36 प्रतिशत, ओएनजीसी 2.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा