1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार ने की मजबूत ओपनिंग, सेंसेक्स 137 अंक उछला, निफ्टी भी तेज, ये स्टॉक्स चमके

शेयर बाजार ने की मजबूत ओपनिंग, सेंसेक्स 137 अंक उछला, निफ्टी भी तेज, ये स्टॉक्स चमके

 Edited By: Sourabha Suman
 Published : May 06, 2025 09:22 am IST,  Updated : May 06, 2025 09:59 am IST

मार्केट खुलने के बाद सेंसेक्स और निफ्टी सहित कई इंडेक्स में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है।

हरे निशान में ओपनिंग के बाद बाजार लाल निशान में चला गया।- India TV Hindi
हरे निशान में ओपनिंग के बाद बाजार लाल निशान में चला गया। Image Source : PIXABAY

भारत-पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच भारतीय शेयर बाजारों ने मजबूत शुरुआत की है। आज सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का बेंचमार्क सेंसेक्स 136.53 अंक की उछाल के साथ 80933.37 के लेवल पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का इंडेक्स निफ्टी भी 30.5 अंक की बढ़त के साथ 24491.65 अंक के लेवल पर कारोबार करता दिखा। आज के शुरुआती कारोबार में 30 प्रमुख कंपनियों वाले इंडेक्स सेंसेक्स में 10 कंपनियां हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 20 शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। कारोबार की शुरुआत में फार्मा और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में बिकवाली देखी गई, जबकि निफ्टी ऑटो और मेटल इंडेक्स के शेयर तेजी के साथ कारोबार करते दिखे।

टॉप गेनर और टॉप लूजर

कारोबार के शुरुआती दौर में निफ्टी पर एमएंडएम, हीरो मोटोकॉर्प, भारती एयरटेल, ओएनजीसी, बजाज ऑटो सबसे ज्यादा लाभ में हैं, जबकि सिप्ला, डॉ रेड्डीज लैब्स, जियो फाइनेंशियल, टाइटन कंपनी, इटरनल सबसे ज्यादा नुकसान में हैं। इसके अलावा, बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। ऑटो, टेलीकॉम, मेटल को छोड़कर बाकी सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में हैं।

महिंद्रा एंड महिंद्रा शेयर 4 प्रतिशत से ज्यादा चढ़े

चौथी तिमाही के नतीजों के बाद महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में आज शुरुआती कारोबार में 4% से अधिक की तेजी देखने को मिली। महिंद्रा एंड महिंद्रा (एमएंडएम) का शेयर मंगलवार को  बीएसई पर 3,150 रुपये पर पहुंच गया। ऑटो दिग्गज ने उम्मीद से बेहतर मार्च तिमाही के नतीजे पेश किए और अपने वार्षिक लाभांश में उल्लेखनीय वृद्धि की घोषणा की। ब्रोकरेज से कंपनी की पॉजिटिव समीक्षा मिली। उम्मीद की जा रही है कि गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, बैंक ऑफ बड़ौदा, आधार हाउसिंग फाइनेंस, पेटीएम, पॉलीकैब इंडिया, एमजीएल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्प, सीजी पावर आज अपनी तिमाही नतीजे घोषित करेंगे।

ग्लोबल मार्केट में मिले-जुले संकेत

जापान, हांगकांग और दक्षिण कोरिया सहित कई प्रमुख एशियाई एक्सचेंज ग्रीनरी डे के कारण बंद रहे। ऑस्ट्रेलियाई शेयर बाजार लगभग स्थिर रहे। रात भर, वॉल स्ट्रीट सूचकांकों ने नुकसान के साथ कारोबार खत्म किया। डॉव जोन्स 0.24% की गिरावट के साथ 41,218.83 पर बंद हुआ। तकनीक-प्रधान नैस्डैक 0.74% की गिरावट के साथ 17,844.24 पर बंद हुआ।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा