1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. लगातार दूसरे दिन गिरावट के साथ खुला शेयर बाजार, सेंसेक्स 250 तो निफ्टी 70 अंक टूटकर खुला; आज फोकस में रहेंगे ये स्टॉक्स

लगातार दूसरे दिन गिरावट के साथ खुला शेयर बाजार, सेंसेक्स 250 तो निफ्टी 70 अंक टूटकर खुला; आज फोकस में रहेंगे ये स्टॉक्स

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Jun 04, 2026 09:28 am IST,  Updated : Jun 04, 2026 09:41 am IST

वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेतों का असर गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिला। लगातार दूसरे कारोबारी दिन बाजार लाल निशान में खुला और शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स व निफ्टी दोनों दबाव में नजर आए।

शेयर बाजार गिरावट के...- India TV Hindi
शेयर बाजार गिरावट के साथ खुला Image Source : CANVA

भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत गुरुवार को भी गिरावट के साथ हुई। दुनिया भर के बाजारों से मिले कमजोर संकेतों और निवेशकों की सतर्कता के बीच सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में खुले। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 250 अंकों और निफ्टी लगभग 70 अंकों की गिरावट के साथ कारोबार करता दिखा। अमेरिकी और एशियाई बाजारों में दबाव का असर घरेलू बाजार पर भी साफ नजर आया, जिससे निवेशकों का सेंटीमेंट कमजोर पड़ा है।

घरेलू शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। वैश्विक बाजारों से मिल रहे कमजोर और निराशाजनक संकेतों के चलते भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को लगातार दूसरे दिन भारी गिरावट के साथ खुला। दलाल स्ट्रीट पर कदम रखते ही निवेशकों में एक बार फिर घबराहट देखने को मिली, जिसके चलते चौतरफा बिकवाली शुरू हो गई। सेंसेक्स भी शुरुआती मिनटों में ही 255.83 अंक की गिरावट के साथ 74,070.34 के स्तर पर आ गया। वहीं, निफ्टी 72.95 अंक की कमजोरी के साथ 23,332.65 के स्तर पर ट्रेड करता दिखा।

मार्केट का ताजा हाल

बाजार के शुरुआती सत्र में जहां केवल 98 शेयरों में बढ़त देखने को मिली, वहीं 158 शेयर्स भारी गिरावट के साथ लाल निशान पर कारोबार कर रहे थे। इसके अलावा, करीब 19 शेयरों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं देखा गया। वैश्विक स्तर पर बनी अनिश्चितता के कारण निवेशक इस समय बड़े दांव लगाने से बच रहे हैं।

निफ्टी के टॉप लूजर्स और गेनर्स

आज के कारोबार में सबसे ज्यादा मार आईटी और ऑटो सेक्टर्स पर पड़ी है। दिग्गज आईटी कंपनियों जैसे इंफोसिस और एचसीएल टेक के शेयरों में लगातार बिकवाली हो रही है। इनके अलावा सिप्ला, आयशर मोटर्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर्स भी आज टॉप लूजर्स की लिस्ट में शामिल हैं। वहीं, कोल इंडिया, अडानी एंटरप्राइजेज, ग्रासिम, ओएनजीसी और अडानी पोर्ट्स के शेयर्स हरे निशान के साथ मजबूती दिखा रहे हैं।

आज फोकस में रहेंगे ये प्रमुख स्टॉक्स

  • राजेश एक्सपोर्ट्स: SEBI ने वित्तीय गड़बड़ी और फंड रूटिंग में अनियमितताओं के चलते कंपनी और इसके चेयरमैन व मैनेजिंग डायरेक्टर राजेश मेहता के खिलाफ एक अंतरिम आदेश जारी किया है। सेबी का आरोप है कि कंपनी ने वित्त वर्ष 2021 से 2025 के बीच करीब ₹15.15 लाख करोड़ के कंसोलिडेटेड रेवेन्यू को गलत तरीके से पेश किया। सेबी ने राजेश मेहता के शेयर बाजार में ट्रेडिंग करने पर रोक लगा दी है और फॉरेंसिक ऑडिट के आदेश दिए हैं, जिससे इस शेयर में भारी उतार-चढ़ाव दिख सकता है।
  • हीरो मोटोकॉर्प: ऑटो सेक्टर की दिग्गज कंपनी हीरो मोटोकॉर्प ने देश की पहली फ्लेक्स-फ्यूएल मोटरसाइकिलें स्प्लेंडर+ और एचएफ डीलक्स को 100cc सेगमेंट में लॉन्च कर दिया है। क्लीनर मोबिलिटी की दिशा में इस कदम से आज इस शेयर पर निवेशकों का पूरा फोकस रहेगा।
  • इंडियाबुल्स और ऑरोबिंदो फार्मा: इंडियाबुल्स के बोर्ड ने प्रिफरेंशियल इश्यू के जरिए ₹1,000 करोड़ जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। वहीं, ऑरोबिंदो फार्मा ने देश के सबसे बड़े बायोलॉजिक्स कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग प्लांट 'TheraNym' की शुरुआत की है, जो दिग्गज कंपनी MSD के ग्लोबल और डोमेस्टिक सप्लाई चेन को सपोर्ट करेगा।
  • सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया: बैंक के बोर्ड ने जनरल मैनेजर विवेक कुमार को 3 साल के लिए नया मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) नियुक्त किया है, जो 3 जून से प्रभावी हो चुका है। बैंकिंग सेक्टर्स के ट्रेडर्स आज इस शेयर पर भी अपनी नजर रखेंगे।
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा