मिश्रित ग्लोबल संकेतों के बीच गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई। शुरुआती कारोबार में ही दलाल स्ट्रीट पर बिकवाली हावी रही, जिससे सेंसेक्स करीब 400 अंक टूट गया, जबकि निफ्टी में भी 120 अंकों तक की गिरावट दर्ज की गई। आईटी शेयरों में दबाव और वैश्विक अनिश्चितताओं ने बाजार की धार को कमजोर कर दिया।
बीएसई सेंसेक्स 311.77 अंक गिरावट के साथ 83,821.87 पर कारोबार करता दिखा। वहीं एनएसई निफ्टी 122.50 अंक टूटकर 25,831.35 पर पहुंच गया। बाजार की चौड़ाई भी कमजोर रही। करीब 1,105 शेयरों में बढ़त दिखी, जबकि 1,658 शेयर गिरावट में रहे और 150 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।
आईटी सेक्टर में दबाव, बैंकिंग ने संभाला मोर्चा
निफ्टी पर गिरावट की अगुवाई आईटी शेयरों ने की। इंफोसिस, टेक महिंद्रा, टीसीएस, एचसीएल टेक और विप्रो जैसे दिग्गज लाल निशान में रहे। ग्लोबल टेक संकेतों की कमजोरी और डॉलर की चाल ने आईटी सेक्टर पर दबाव डाला। वहीं दूसरी ओर ओएनजीसी, एनटीपीसी, ईचर मोटर्स, आईसीआईसीआई बैंक और एक्सिस बैंक जैसे शेयरों में खरीदारी देखने को मिली, जिससे गिरावट कुछ हद तक थमी।
आज आएंगे इन कंपनियों के नतीजे
बाजार की नजर आज कई बड़ी कंपनियों के तिमाही नतीजों पर रहेगी। हिंदुस्तान यूनिलीवर, ओएनजीसी, कोल इंडिया, हिंडाल्को, बायोकॉन, हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स, आईआरसीटीसी, मुथूट फाइनेंस, पेट्रोनेट एलएनजी और स्पाइसजेट समेत दर्जनों कंपनियां अपने नतीजे जारी करेंगी। इन कंपनियों के प्रदर्शन से बाजार की दिशा तय हो सकती है।
इन स्टॉक्स पर रहेगी खास नजर
- Federal Bank: आरबीआई ने ICICI प्रूडेंशियल AMC और ICICI बैंक की ग्रुप कंपनियों को फेडरल बैंक में 9.95% तक हिस्सेदारी लेने की मंजूरी दी है। इससे शेयर में हलचल संभव है।
- Netweb Technologies: प्रमोटर्स द्वारा ब्लॉक डील के जरिए 3% हिस्सेदारी बेचने की खबर से स्टॉक फोकस में रहेगा। डील का आकार करीब ₹514.5 करोड़ बताया जा रहा है।
- Kernex Microsystems: कंपनी को बनारस लोकोमोटिव वर्क्स से ₹411.17 करोड़ का बड़ा ऑर्डर मिला है, जिसमें ‘कवच’ सिस्टम की 505 यूनिट्स की सप्लाई शामिल है।
क्या आगे भी रहेगा दबाव?
विशेषज्ञों का मानना है कि ग्लोबल संकेतों, डॉलर इंडेक्स और एफआईआई की एक्टिविटी पर बाजार की नजर रहेगी। आईटी शेयरों में कमजोरी बनी रही तो बाजार पर दबाव जारी रह सकता है, जबकि मजबूत नतीजे बाजार को सहारा दे सकते हैं।



































