1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Share Market में उतार-चढ़ाव भरा कारोबार, हरे निशान में खुलने के बाद लाल में पहुंचा Sensex और Nifty

Share Market में उतार-चढ़ाव भरा कारोबार, हरे निशान में खुलने के बाद लाल में पहुंचा Sensex और Nifty

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Oct 12, 2022 11:05 am IST,  Updated : Oct 12, 2022 11:05 am IST

शेयर बाजार में आज भी उतार—चढ़ाव भरा कारोबार देखने को मिल रहा है। शुरुआती कारोबार में हरे निशान में खुलने के बाद एक बार फिर बाजार लाल निशान में पहुंच गया है।

Share market - India TV Hindi
Share market Image Source : PTI

Highlights

  • सेंसेक्स 42.63 अंक टूटकर 57,104.69 अंक पर कारोबार कर रहा है
  • निफ्टी भी 20.05 अंक लुढ़कर 17 हजार के नीचे 16,963.50 अंक पर पहुंच गया है
  • अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 14 पैसे की गिरावट के साथ 82.35 पर

Share Market में बुधवार को उतार-चढ़ाव भरा कारोबार देखने को मिल रहा है। वैश्विक बाजारों में कमजोर रूख के बावजूद सूचना प्रौद्योगिकी, धातु तथा ऊर्जा कंपनियों के शेयरों में लिवाली की वजह से घरेलू शेयर बाजारों में आज के शुरुआती कारोबार में उछाल आया और इस दौरान सेंसेक्स 179 अंक से अधिक चढ़ गया। हालांकि, 11 बजे तक एक बार फिर से बाजार में  बिकवाली हावी हो गया है। सेंसेक्स 42.63 अंक टूटकर 57,104.69 अंक पर कारोबार कर रहा है। वहीं, निफ्टी भी 20.05 अंक लुढ़कर 17 हजार के नीचे 16,963.50 अंक पर पहुंच गया है।

तीन दिन गिरावट के बाद आज लौटी थी तेजी

तीन कारोबारी सत्रों में गिरावट के बाद बुधवार को 30 शेयरों वाले बीएसई सेंसेक्स ने सकारात्मक शुरुआत की और यह 179.53 अंक चढ़कर 57,326.85 पर पहुंच गया। व्यापक एनएसई निफ्टी 52.75 अंक बढ़कर 17,036.30 पर था। सेंसेक्स में एचसीएल टेक्नोलॉजीज, पॉवर ग्रिड, एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक, विप्रो, सन फार्मा, टेक महिंद्रा, टीसीएस, इंफोसिस और कोटक महिंद्रा बैंक बढ़ने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे। दूसरी ओर एशियन पेंट्स और भारती एयरटेल में गिरावट हुई। अन्य एशियाई बाजारों में सियोल, तोक्यो, शंघाई और हांगकांग के बाजारों में गिरावट दर्ज की गई। अमेरिकी बाजार मिलेजुले रूख के साथ बंद हुए।

मंगलवार को आई थी बड़ी गिरावट

पिछले कारोबारी सत्र में मंगलवार को तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 843.79 अंक यानी 1.46 प्रतिशत लुढ़ककर 57,147.32 अंक पर बंद हुआ था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 257.45 अंक यानी 1.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ 16,983.55 अंक पर बंद हुआ था। इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा 0.64 फीसदी फिसलकर 93.70 प्रति बैरल के भाव पर पहुंच गया। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 4,612.67 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

डॉलर के मुकाबले रुपया 14 पैसे टूटा

अमेरिकी मुद्रा की मजबूती और विदेशी कोषों की लगातार निकासी के बीच बुधवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 14 पैसे की गिरावट के साथ 82.35 पर था। इसके अलावा निवेशकों के बीच जोखिम से बचने की भावना और एशियाई मुद्रा तथा उभरते बाजारों की मुद्राओं में कमजोरी से भी रुपया प्रभावित हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, डॉलर के मुकाबले 82.32 पर खुला, और फिर गिरावट के साथ 82.35 पर पहुंच गया। इस तरह रुपया पिछले बंद भाव के मुकाबले 14 पैसे की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था। शुरुआती सौदों में रुपया 82.28 प्रति डॉलर के स्तर तक गया था। रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 19 पैसे चढ़कर 82.21 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इसबीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.23 प्रतिशत बढ़कर 113.48 पर पहुंच गया। वैश्विक तेल सूचकांक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.67 प्रतिशत गिरकर 93.66 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा