1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार में 3 दिन की कमजोरी के बाद लौटी अच्छी तेजी, सेंसेक्स 351 अंक उछलकर 66,700 के पार निकला

शेयर बाजार में 3 दिन की कमजोरी के बाद लौटी अच्छी तेजी, सेंसेक्स 351 अंक उछलकर 66,700 के पार निकला

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Jul 26, 2023 03:39 pm IST,  Updated : Jul 26, 2023 04:52 pm IST

बीएसई सेंसेक्स 351.49 अंक चढ़कर 66,707.20 अंक पर पहुंच गया। इसी तरह एनएसई निफ्टी 97.70 अंक की तेजी के साथ 19,778.30 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाजार- India TV Hindi
शेयर बाजार Image Source : FILE

शेयर बाजार ने कमजोरी का सिलसिला आज तोड़ने में कामयाब रहा। तीन दिन बाजार में बिकवाली हावी रहने के बाद बुधवार को मजबूती लौटी। रिलायंस और एलएंडटी, आईटीसी जैसे हेवीवैट शेयरों के दम पर स्टॉक मार्केट हरे निशान में बंद होने में कामयाब रहा। कारोबार खत्म होने पर बीएसई सेंसेक्स 351.49 अंक चढ़कर 66,707.20 अंक पर पहुंच गया। इसी तरह एनएसई निफ्टी 97.70 अंक की तेजी के साथ 19,778.30 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में शामिल शेयरों पर नजर डालें तो 30 में से 19 शेयर तेजी में और 11 शेयर कमजोरी में बंद हुए। सबसे अधिक 3.47% की तेजी एलएंडटी के शेयरों में देखने को मिला। अगर निफ्टी 50 को देखें तो 31 शेयरों में तेजी और 18 में कमजोरी देखने को मिली। 2 शेयर के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ। 

इस कारण शेयर बाजार में लौटी तेजी 

ताजा विदेशी पूंजी प्रवाह और अमेरिकी बाजारों में तेजी के बीच बुनियादी ढांचा, बैंक और पेट्रोलियम कंपनियों के शेयरों में लिवाली से बाजार में मजबूती रही। तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स कारोबार के दौरान यह 541.56 अंक उछलकर 66,897.27 अंक तक चला गया था। सेंसेक्स के शेयरों में लार्सन एंड टुब्रो तीन प्रतिशत से अधिक चढ़ा। इसके अलावा आईटीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, सन फार्मा, कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक, इन्फोसिस और भारतीय स्टेट बैंक भी प्रमुख रूप से लाभ में रहें। बुनियादी ढांचा क्षेत्र की लार्सन एंड टुब्रो ने मंगलवार को कहा कि उसका शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में 36 प्रतिशत बढ़कर 3,116.12 करोड़ रुपये रहा है। उसके बाद कंपनी का शेयर चढ़ा है। 

इन शेयरों में रही गिरावट 

नुकसान में रहने वाले शेयरों में बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टेक महिंद्रा, एशियन पेंट्स और टाइटन शामिल हैं। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त में रहे थे। इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.72 प्रतिशत की गिरावट के साथ 83 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक मंगलवार को शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने 1,088.76 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा