1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार की मजबूत शुरुआत, सेंसेक्स फिर 62 हजार के पार, अडाणी इंटरप्राइजेज में 10% की शानदार तेजी

शेयर बाजार की मजबूत शुरुआत, सेंसेक्स फिर 62 हजार के पार, अडाणी इंटरप्राइजेज में 10% की शानदार तेजी

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : May 23, 2023 09:30 am IST,  Updated : May 23, 2023 11:34 am IST

बीएसई सेंसेक्स 135.52 अंक उछलकर 62,099.20 अंक पर पहुंच गया है। इसी तरह एनएसई निफ्टी 50 111.00 अंक की तेजी के साथ 18,314.40 अंक पर पहुंच गया है।

शेयर बाजार- India TV Hindi
शेयर बाजार Image Source : PTI

शेयर बाजार की मजबूत शुरुआत हुई है। बीएसई सेंसेक्स 135.52 अंक उछलकर 62,099.20 अंक पर पहुंच गया है। इसी तरह एनएसई निफ्टी 50 111.00 अंक की तेजी के साथ 18,314.40 अंक पर पहुंच गया है। अडाणी ग्रुप की 10 कंपनियों में जबरदस्त तेजी आने का फायदा शेयर बाजार को मिला है। अडाणी इंटरप्राइजेट कल के 20 फीसदी की तेजी के बाद आज भी 10% की शानदार तेजी देखने को मिल रही है। अडाणी इंटरप्राइजेज उछलकर 2,558.70 रुपये पर पहंच गया है। इसके अलावा अडाणी ग्रीन एनर्जी, अडानी पावर, अडाणी टोटल गैस, अडाणी ट्रांसमिशन जैसे शेयरों में अपर सर्किट लगा हुआ है। बैंक निफ्टी में भी आज अच्छी तेजी देखने को मिल रही है।  

अडाणी ग्रुप की 10 कंपनियों में जबरदस्त तेजी
Image Source : FILEअडाणी ग्रुप की 10 कंपनियों में जबरदस्त तेजी

इन कंपनियों के शेयरों में तेजी 

सेंसेक्स की कंपनियों में इंफोसिस, बजाज फिनसर्व, इंडसइंड बैंक, बजाज फाइनेंस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टेक महिंद्रा, विप्रो, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एशियन पेंट्स और आईटीसी में उल्लेखनीय बढ़त हुई। दूसरी ओर टाइटन, कोटक महिंद्रा बैंक, भारती एयरटेल, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाटा मोटर्स में गिरावट का रुख रहा। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की बढ़त में रहे, जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंगसेंग लाल निशान में था। सोमवार को अमेरिकी बाजार तेजी के साथ बंद हुए। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को शुद्ध रूप से 922.89 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.29 प्रतिशत चढ़कर 76.21 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर पहुंच गया। सेंसेक्स सोमवार को 234 अंक या 0.38 प्रतिशत चढ़कर 61,963.68 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 111 अंक या 0.61 प्रतिशत की तेजी के साथ 18,314.40 पर बंद हुआ। 

रुपया तीन पैसे चढ़कर 82.81 पर 

विदेशी कोषों की लिवाली और घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख के बीच रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले तीन पैसे की तेजी के साथ 82.81 के स्तर पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि रुपया एक सीमित दायरे में कारोबार कर रहा था, क्योंकि डॉलर की मजबूती रुपये की बढ़त को सीमित कर रही है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 82.82 पर खुला और फिर अपने पिछले बंद भाव से तीन पैसे की बढ़त दर्ज करते हुए 82.81 पर पहुंच गया। रुपया सोमवार को डॉलर के मुकाबले 82.84 पर बंद हुआ था। इसबीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.07 प्रतिशत बढ़कर 103.27 पर पहुंच गया। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.36 प्रतिशत बढ़कर 76.26 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा