1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. दायरे में कारोबार के बाद सपाट बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स 29 अंक लुढ़का तो निफ्टी 8 अंक चढ़ा

दायरे में कारोबार के बाद सपाट बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स 29 अंक लुढ़का तो निफ्टी 8 अंक चढ़ा

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Jul 25, 2023 03:48 pm IST,  Updated : Jul 25, 2023 04:53 pm IST

बीएसई सेंसेक्स 29.07 अंक टूटकर 66,355.71 अंक पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी 8.25 अंक की तेजी के साथ 19,680.60 अंक पर बंद हुआ।

Share Market - India TV Hindi
शेयर बाजार Image Source : PTI

शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार तीसरे दिन सुस्ती देखने को मिली। दायरे में कारोबार करने के बाद बाजार सपाट बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स और निफ्टी में क्रमश: 300 अंक और 70 अंक की गिरावट देखने ​को मिली। हालांकि, अंत में बाजार बंद होने पर बीएसई सेंसेक्स 29.07 अंक टूटकर 66,355.71 अंक पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी 8.25 अंक की तेजी के साथ 19,680.60 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी 50 में शामिल 25 शेयरों में तेजी और 25 में गिरावट देखने को मिली। सबसे ज्यादा तेजी हिंडाल्को में रही। वहीं, सेंसेक्स में शामिल शेयरों में एशियन पेंट्स में सबसे बड़ी गिरावट देखने को मिली। शेयर करीब चार फीसदी टूटकर 3402 रुपये पर बंद हुआ। 

निवेशक सर्तक रुख अपना रहे 

अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति समीक्षा से पहले निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया। कारोबारियों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी तथा कच्चे तेल के दाम में तेजी से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 66,559.29 अंक तक गया और नीचे में 66,177.62 अंक तक आया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी कारोबार के दौरान यह 19,729.35 से 19,615.95 अंक के दायरे में रहा। 

फेडरल रिजर्व  की घोषणा से पहले सीमित दायरे में बाजार

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति घोषणा से पहले घरेलू शेयर बाजार सीमित दायरे में रहे। चीन की रियल्टी क्षेत्र को समर्थन देने की नीति को लेकर प्रतिबद्धता से धातु शेयरों में तेजी रही। जन-उपयोगी सेवाओं से जुड़ी कंपनियों के शेयर परिचालन मार्जिन बेहतर रहने की उम्मीद में मजबूत हुए।’’ सेंसेक्स के शेयरों में जेएसडब्ल्यू स्टील, टाटा स्टील, एनटीपीसी और अल्ट्राटेक सीमेंट प्रमुख रूप से लाभ में रहे। इनमें 3.33 प्रतिशत तक की तेजी रही। दूसरी तरफ नुकसान में रहने वाले शेयरों में एशियन पेंट्स, आईटीसी, एलएंडटी और एसबीआई शामिल हैं। इनमें 3.95 प्रतिशत तक की गिरावट रही। 

सेंसेक्स के तीस शेयरों में से 14 लाभ में बंद

सेंसेक्स के तीस शेयरों में से 14 लाभ में बंद हुए। निफ्टी के 50 शेयरों में से 25 लाभ में रहे। एशिया के अन्य बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग और चीन का शंघाई कम्पोजिट मजबूत रहे, जबकि जापान का निक्की नुकसान में रहा। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी रही। अमेरिकी बाजार सोमवार को कुल मिलाकर बढ़त में रहे। इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82.59 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को बिकवाल रहे। उन्होंने 82.96 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा