1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. साल 2025 में इन 5 कंपनियों ने सबसे ज्यादा मार्केट कैप गंवाए, जानें अब तक कौन कितना लुढ़का

साल 2025 में इन 5 कंपनियों ने सबसे ज्यादा मार्केट कैप गंवाए, जानें अब तक कौन कितना लुढ़का

 Edited By: Sourabha Suman
 Published : Feb 20, 2025 04:15 pm IST,  Updated : Feb 20, 2025 04:15 pm IST

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 4,03,91,549 करोड़ रुपये है। 4,857 लिस्टेड कंपनियों में से 3,893 स्टॉक्स कारोबार में एक्टिव हैं।

अदानी ग्रीन एनर्जी ने भी 2025 में अब तक अपने मार्केट कैप में गिरावट देखी है। - India TV Hindi
अदानी ग्रीन एनर्जी ने भी 2025 में अब तक अपने मार्केट कैप में गिरावट देखी है। Image Source : FILE

शेयर बाजार में बीते कई महीनों से लगातार गिरावट का रुख है। निवेशकों के लाखों-करोड़ों रुपये डूब चुके हैं। लगातार भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं, ट्रंप की टैरिफ नीतियों, एफआईआई की बिकवाली और अस्थिरता ने बाजार में भारी-उतार-चढ़ाव ला दिया है। कई ऐसे स्टॉक्स हैं जिनका मार्केट कैप रसातल में जा चुका है। यूं कहें कि उसमें भारी कमी आ गई है। बीएसई सेंसेक्स अपने 52-सप्ताह के उच्चतम स्तर से 12% नीचे लुढ़क चुका है।  ऑफिशियल वेबसाइट के मुताबिक, बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 4,03,91,549 करोड़ रुपये है। 4,857 लिस्टेड कंपनियों में से 3,893 स्टॉक्स कारोबार में एक्टिव हैं।

Siemens का मार्केट कैप 47% लुढ़का

सीमेंस का मार्केट कैप इस साल अबतक रसातल में जा चुका है। इसका अंदाजा ऐसे लगाया जा सकता है कि 2025 के शुरू में कंपनी का मार्केट कैप 3,35,000 करोड़ रुपये था, जबकि आज की तारीख में यह 47 प्रतिशत की जोरदार झटके के साथ घटकर सीधे 1,76,000 करोड़ रुपये पर आ गया है। सीमेंस के शेयर भाव में भी गिरावट है। बीते महीने शेयर की कीमत में करीब 19% की गिरावट आई है। साल दर साल सीमेंस के शेयर में करीब 25% की गिरावट आई है।

Trent के मार्केट कैप में 30% की हो गई कमी

रिटेल दिग्गज कंपनी Trent के मार्केट कैपिटलाइजेशन में भी अबतक तेज गिरावट आई है और 2025 की शुरुआत में कंपनी का मार्केट कैप 2.6 लाख करोड़ रुपये था, जो अब तक यह 30% की गिरावट के साथ 1.81 लाख करोड़ रुपये पर आ गया है। ट्रेंट के शेयर की कीमत पिछले एक साल में 27% बढ़ी है। हालांकि, बीते छह महीनों में शेयर भाव में 24% की गिरावट आई है। आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी का 52-सप्ताह का निचला स्तर 3,750.25 रुपये प्रति शेयर है।

Varun Beverages का मार्केट कैप भी 28% धड़ाम

भारत में पेप्सिको प्रोडक्ट्स के ऑफिशियल बॉटलर और डिस्ट्रीब्यूटर वरुण बेवरेजेज इस साल के शुरू में मार्केट कैप 2,21,000 करोड़ रुपये था। आज यह 28.5% की तेज गिरावट के साथ 1,58,000 करोड़ रुपये पर आ गया है। बीते पांच दिनों में कंपनी का शेयर भाव 8 प्रतिशत लुढ़क चुका है। बीते छह महीनों में 21% की गिरावट देखी गई है। लाइवमिंट के मुताबिक, 19 फरवरी को वरुण बेवरेजेज के शेयर की कीमत 52-सप्ताह के निचले स्तर 454.10 रुपये पर पहुंच गई।

Jio Financial Services का मार्केट कैप 23% घट गया

जियो फाइनेंशियल सर्विसेज का साल की शुरुआत में मार्केट कैप 1,95,000 करोड़ रुपये था। अब तक, यह 23.6% की गिरावट के साथ 1,49,000 करोड़ रुपये पर आ गया है। कंपनी के शेयर की बात करें तो कंपनी ने पिछले महीने 4% की बढ़त देखी है। वैसे छह महीने की अवधि में, शेयर में लगभग 30% की गिरावट आई है।  जियो फाइनेंशियल के शेयर की कीमत इस साल अब तक 16% गिर चुकी है। कंपनी का 52-सप्ताह का उच्चतम स्तर 394.70 रुपये है, जबकि इसका न्यूनतम स्तर 217.01 रुपये है। वर्तमान में 235 रुपये पर कारोबार कर रहा यह शेयर अपने 52-सप्ताह के न्यूनतम स्तर से लगभग 7% ऊपर है।

Adani Green Energy के मार्केट कैप में 17% की कमी

अदानी ग्रीन एनर्जी ने भी 2025 में अब तक अपने मार्केट कैप में गिरावट देखी है। साल की शुरुआत में कंपनी का मार्केट कैप 1.65 लाख करोड़ रुपये था, जो अब 17% की गिरावट के साथ 1.37 लाख करोड़ रुपये रह गया है। कंपनी का शेयर भाव मौजूदा समय में 871 रुपये प्रति शेयर पर कारोबार कर रहा है, जो इसके 52-सप्ताह के न्यूनतम स्तर 840.45 रुपये के करीब है। बीते छह महीनों में, अदानी ग्रीन के शेयर की कीमत में 55% की गिरावट आई है, और वार्षिक आधार पर भी इसमें 55% की गिरावट आई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा