1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. पिछले हफ्ते रिलायंस के निवेशकों के 91,140 करोड़ डूबे, सेंसेक्स की सभी टॉप-10 कंपनियों ने दिया झटका

पिछले हफ्ते रिलायंस के निवेशकों के 91,140 करोड़ डूबे, सेंसेक्स की सभी टॉप-10 कंपनियों ने दिया झटका

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Dec 22, 2024 12:27 pm IST,  Updated : Dec 22, 2024 12:27 pm IST

बीते सप्ताह सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 4.95 लाख करोड़ रुपये घटा। पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 4,091.53 अंक या 4.98 प्रतिशत नीचे आया। भारतीय शेयर बाजार में यह जून, 2022 के बाद सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट है।

Sensex - India TV Hindi
सेंसेक्स Image Source : FILE

पिछले हफ्ते शेयर बाजार में भारी बिकवाली ने सेंसेक्स की सभी कंपनियों का गणित बिगाड़ दिया। सभी कंपनियों की मार्केट कैप में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। सबसे ज्यादा नुकसान रिलायंस इंडस्ट्रीज के निवेशकों को उठाना पड़ा। रिलायंस के निवेशकों के 91,140 करोड़ डूब गए। आपको बता दें कि सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों के बाजार मूल्यांकन (मार्केट कैप) में पिछले सप्ताह 4,95,061 करोड़ रुपये की गिरावट आई। शेयर बाजार में मंदड़ियां रुख के बीच टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और रिलायंस इंडस्ट्रीज को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। 

4000 अंक लुढ़का सेंसेक्स 

पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 4,091.53 अंक या 4.98 प्रतिशत नीचे आया। भारतीय शेयर बाजार में यह जून, 2022 के बाद सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट है। सप्ताह की शुरुआत अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की नीतिगत घोषणा के साथ हुई, जिससे बाजार की धारणा में बदलाव आया। फेडरल रिजर्व ने 2025 में ब्याज दरों में सिर्फ दो बार कटौती का संकेत दिया है। इससे बाजार धारणा प्रभावित हुई और दुनियाभर समेत भारतीय बाजार में भयंकर गिरावट आई। 

TCS का मार्केट कैप 1,10,550 करोड़ घटा 

बीते सप्ताह टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का बाजार पूंजीकरण 1,10,550.66 करोड़ रुपये घटकर 15,08,036.97 करोड़ रुपये रह गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज के मूल्यांकन में 91,140.53 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह 16,32,004.17 करोड़ रुपये पर आ गया। एचडीएफसी बैंक की बाजार हैसियत 76,448.71 करोड़ रुपये घटकर 13,54,709.35 करोड़ रुपये पर और भारती एयरटेल की 59,055.42 करोड़ रुपये के नुकसान के साथ 8,98,786.98 करोड़ रुपये पर आ गई। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का बाजार पूंजीकरण 43,909.13 करोड़ रुपये घटकर 7,25,125.38 करोड़ रुपये पर आ गया।

आईसीआईसीआई बैंक ने भी किया निराश 

आईसीआईसीआई बैंक की बाजार हैसियत 41,857.33 रुपये घटकर 9,07,449.04 करोड़ रुपये रह गई। इन्फोसिस के मूल्यांकन में 32,300.2 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह 7,98,086.90 करोड़ रुपये रह गया। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का मूल्यांकन 20,050.25 करोड़ रुपये घटकर 5,69,819.04 करोड़ रुपये रह गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर की बाजार हैसियत 12,805.27 करोड़ रुपये घटकर 5,48,617.81 करोड़ रुपये पर आ गई। आईटीसी का मूल्यांकन 6,943.5 करोड़ रुपये घटकर 5,81,252.32 करोड़ रुपये रह गया। 

रिलायंस टॉप पर कायम 

शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। इसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल, इन्फोसिस, एसबीआई, आईटीसी, एलआईसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान रहा। भाषा 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा