नई दिल्ली। कोरोना वायरस संकट के बीच जहां सभी लोग परेशान हैं, वहीं देश की सबसे बड़ी ईंधन विपणन कंपनी इंडियन ऑयल ने बुधवार को बिना सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर की खुदरा कीमत में बड़ी कटौती का ऐलान किया है। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन ने बुधवार को बताया कि दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले बिना सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत 61.50 रुपए की कटौती के बाद 744.00 रुपए होगी, इससे पहलें यहां कीमत 805.50 रुपए थी। वहीं मुंबई में यह कीमत 62 रुपए की कटौती के बाद 714.50 रुपए होगी, जो पहले 776.50 रुपए थी। नई कीमतें 1 अप्रैल, 2020 से प्रभावी हो गई हैं।
Related Stories
1 मार्च को भी इंडियन ऑयल ने घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कटौती की थी। तेल कंपनी ने एक मार्च 2020 को बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम रसोई गैस सिलेंडर 53 रुपए सस्ता किया था। वहीं, 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर भी 84.50 रुपए सस्ता हुआ था।

ऐसे तय होते हैं रसोई गैस सिलेंडर के दाम
गैस सिलेंडर की कीमत हर महीने बदलती है। इसकी कीमत औसत अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क और विदेशी विनिमय दरों में बदलाव जैसे कारक निर्धारित करते हैं। इसी वजह से एलपीजी सिलेंडर की सब्सिडी की रकम में भी हर महीने बदलाव होता है। जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में भाव बढ़ते हैं तो सरकार अधिक सब्सिडी देती है और जब दरें नीचे आती हैं तो सब्सिडी में कटौती की जाती है। टैक्स नियमों के अनुसार रसोई गैस पर माल एवं सेवाकर (जीएसटी) की गणना ईंधन के बाजार मूल्य पर ही तय की जाती है। बता दें कि वर्तमान समय में सरकार एक साल में प्रत्यके उपभोक्ता को 14.2 किलोग्राम के 12 सिलेंडरों पर सब्सिडी देती है। अगर ग्राहक इससे ज्यादा सिलिंडर लेना चाहते है, तो वे उन्हें बाजार मूल्य पर खरीदते हैं।
करें अपने शहर में रसोई गैस सिलेंडर के दाम
इंडियन ऑयल (IOC) की वेबसाइट पर जाकर https://indane.co.in/tarrifs_price.php पर क्लिक करें। वहीं, आपको Show All Market का टैब दिखाई देगा। इस पर आप जैसे ही क्लिक करेंगे। वैसे ही रसोई गैस सिलेंडर के दामों से जुड़ी लिस्ट नीचे जारी कर दी जाएगी।