1. Hindi News
  2. पैसा
  3. फायदे की खबर
  4. पूर्वांचल को रेलवे की बड़ी सौगात! गोरखपुर से दिल्ली और मुंबई के लिए चलेंगी 2 अमृत भारत ट्रेनें, जानें पूरा रूट और टाइमिंग

पूर्वांचल को रेलवे की बड़ी सौगात! गोरखपुर से दिल्ली और मुंबई के लिए चलेंगी 2 अमृत भारत ट्रेनें, जानें पूरा रूट और टाइमिंग

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Aug 12, 2026 07:43 am IST,  Updated : Aug 12, 2026 08:19 am IST

पूर्वांचल के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। रेलवे बोर्ड ने गोरखपुर से दिल्ली और गोरखपुर से मुंबई के बीच दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को मंजूरी दे दी है। दोनों ट्रेनों के संचालन का दिन भी तय हो चुका है।

पूर्वांचल से...- India TV Hindi
पूर्वांचल से दिल्ली-मुंबई जाना होगा आसान Image Source : INDIAN RAILWAYS

पूर्वांचल के यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी खुशखबरी दी है। गोरखपुर से दिल्ली और मुंबई के बीच दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें चलाने की मंजूरी मिल गई है। रेलवे बोर्ड ने दोनों ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी दे दी है और इनके लिए एक-एक अमृत भारत रैक भी उपलब्ध करा दिया गया है। इससे गोरखपुर के साथ-साथ यूपी और देश के कई बड़े शहरों के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा।

भारतीय रेल के मुताबिक, गोरखपुर-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 15095/15096 से चलेगी। वहीं गोरखपुर से मुंबई के बांद्रा स्टेशन के बीच चलने वाली ट्रेन का नंबर 15085/15086 होगा। दोनों ट्रेनें साप्ताहिक रहेंगी। दिल्ली जाने वाली ट्रेन से बस्ती, गोंडा, सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद जैसे शहरों के यात्रियों को फायदा मिलेगा। वहीं मुंबई वाली ट्रेन से कानपुर, आगरा, कोटा, रतलाम, वडोदरा, सूरत, पालघर और बोरीवली समेत कई शहरों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

गोरखपुर-दिल्ली अमृत भारत का पूरा शेड्यूल

ट्रेन नंबर 15095 गोरखपुर से हर गुरुवार रात 10:45 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 12:50 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में 15096 दिल्ली-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस हर शुक्रवार दोपहर 2 बजे दिल्ली से चलेगी और शनिवार सुबह 6:25 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन के प्रमुथ ठहराव गोरखपुर, खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बुढ़वल, सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद, गाजियाबाद और पुरानी दिल्ली जंक्शन में होंगे।

मुंबई के लिए भी साप्ताहिक अमृत भारत

गोरखपुर से मुंबई के बांद्रा स्टेशन के बीच चलने वाली 15085 अमृत भारत एक्सप्रेस हर शुक्रवार सुबह 7:50 बजे गोरखपुर से रवाना होगी। ट्रेन अगले दिन शनिवार शाम 6 बजे बांद्रा पहुंचेगी। वापसी में 15086 बांद्रा-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस शनिवार रात 9:20 बजे बांद्रा से चलेगी और सोमवार सुबह 6:45 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव गोरखपुर, खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बादशाहनगर, ऐशबाग, कानपुर, टुंडला, आगरा फोर्ट, बयाना, गंगापुर सिटी, कोटा, मंडी, शामगढ़, रतलाम, वडोदरा, सूरत, वलसाड़, वापी, पालघर, बोरीवली और बांद्रा में होगा।

यात्रियों को मिलेंगी कई आधुनिक सुविधाएं

अमृत भारत एक्सप्रेस को खास तौर पर आम यात्रियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इन ट्रेनों में AC कोच नहीं होंगे, लेकिन यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए कई आधुनिक सुविधाएं दी जाएंगी। 22 कोच वाली ट्रेन में 1,800 से ज्यादा यात्री सफर कर सकेंगे। ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 130 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। इसमें आरामदायक सीटों के साथ वैक्यूम बायो-टॉयलेट और CCTV कैमरे भी होंगे। सबसे खास सुविधा टॉक-बैक सिस्टम होगी। किसी आपात स्थिति में यात्री इसके जरिए सीधे लोको पायलट या ट्रेन मैनेजर से संपर्क कर सकेंगे।

यह भी पढ़ें- रक्षाबंधन पर रेलवे का तोहफा! यूपी-उत्तराखंड के बीच चलेंगी 6 स्पेशल ट्रेनें, जान लीजिए पूरा शेड्यूल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। My Profit से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा