1. Hindi News
  2. पैसा
  3. फायदे की खबर
  4. LPG ग्राहकों के लिए बड़ी खबर! e-KYC कराने की आखिरी तारीख बढ़ी, घर बैठे ऐसे करें पूरा प्रोसेस

LPG ग्राहकों के लिए बड़ी खबर! e-KYC कराने की आखिरी तारीख बढ़ी, घर बैठे ऐसे करें पूरा प्रोसेस

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Aug 18, 2026 09:08 am IST,  Updated : Aug 18, 2026 09:08 am IST

घरेलू गैस सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। तेल विपणन कंपनियों ने LPG e-KYC कराने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 23 अगस्त कर दी है। पहले यह प्रक्रिया 16 अगस्त तक पूरी करनी थी।

LPG e-KYC कराने का ऑनलाइन...- India TV Hindi
LPG e-KYC कराने का ऑनलाइन प्रोसेस Image Source : CANVA

अगर आपके घर में LPG गैस कनेक्शन है और आपने अभी तक e-KYC नहीं कराई है, तो आपके लिए बड़ी खबर है। घरेलू LPG उपभोक्ताओं को e-KYC पूरा करने के लिए अब कुछ और समय मिल गया है। तेल विपणन कंपनियों ने इसकी अंतिम तारीख 16 अगस्त से बढ़ाकर 23 अगस्त कर दी है। यह फैसला ऐप में तकनीकी खराबी और सर्वर डाउन जैसी समस्याओं को देखते हुए लिया गया है। यानी अब ग्राहक बिना जल्दबाजी के अपना सत्यापन पूरा कर सकते हैं।

पहले ग्राहकों से 16 अगस्त तक e-KYC कराने की अपील की गई थी। लेकिन बड़ी संख्या में लोग एक साथ प्रक्रिया पूरी करने लगे, जिससे गैस कंपनियों के ऐप और सर्वर पर दबाव बढ़ गया। कई ग्राहकों ने ऐप के काम नहीं करने, सर्वर डाउन होने और प्रक्रिया बीच में रुकने की शिकायत की। इसका असर गैस एजेंसियों पर भी देखने को मिला। कई जगहों पर e-KYC कराने के लिए ग्राहकों की लंबी कतारें लग गईं। कई बार घंटों इंतजार करने के बाद भी सर्वर की समस्या के कारण KYC पूरी नहीं हो पा रही थी।

23 अगस्त तक करा लें e-KYC

अब LPG उपभोक्ताओं के पास 23 अगस्त 2026 तक e-KYC पूरा करने का मौका है। अगर आपने पहले ही e-KYC करा ली है, तो दोबारा इसे कराने की जरूरत नहीं है। अपनी स्थिति की जानकारी संबंधित गैस कंपनी के आधिकारिक ऐप या गैस एजेंसी से प्राप्त की जा सकती है। ध्यान देने वाली बात यह है कि तय समय तक e-KYC नहीं कराने पर गैस कनेक्शन तुरंत बंद या रद्द नहीं होगा। हालांकि, सरकारी LPG सब्सिडी प्रभावित हो सकती है और ग्राहक को बिना सब्सिडी के सिलेंडर लेना पड़ सकता है।

घर बैठे ऐसे करें e-KYC

e-KYC के लिए ग्राहक को अपनी गैस कंपनी का आधिकारिक मोबाइल ऐप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद इन आसान स्टेप्स को फॉलो करें:

  1. ऐप डाउनलोड करें और फिर अपने LPG कनेक्शन से जुड़े मोबाइल नंबर से ऐप में लॉगिन करें।
  2. ऐप में e-KYC या Aadhaar Verification का विकल्प खोलें और अपना 12 अंकों का आधार नंबर दर्ज करें।
  3. आधार आधारित चेहरे की पहचान यानी Face Authentication की प्रक्रिया पूरी करें।
  4. प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्क्रीन पर KYC सफल होने का संदेश दिखाई देगा। मोबाइल पर SMS भी आ सकता है।

एजेंसी या डिलीवरीमैन से भी करा सकते हैं KYC

अगर ऐप से e-KYC नहीं हो रही है तो ग्राहक अपनी नजदीकी LPG एजेंसी पर जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। वहां बायोमेट्रिक यानी फिंगरप्रिंट के जरिए सत्यापन किया जा सकता है। इसके अलावा कुछ मामलों में LPG डिलीवरीमैन के पास मौजूद मशीन से भी बायोमेट्रिक e-KYC पूरी की जा सकती है।

रात में करें कोशिश

अगर ऐप बार-बार सर्वर की समस्या दिखा रहा है, तो ग्राहक रात या सुबह जल्दी e-KYC करने की कोशिश कर सकते हैं। इस समय सर्वर पर लोड अपेक्षाकृत कम होने से प्रक्रिया आसानी से पूरी होने की संभावना रहती है।

यह भी पढ़ें- सरकार ने रिफाइनरियों के लिए फिक्स किया LPG प्रोडक्शन टारगेट, रिलायंस को मिला सबसे बड़ा लक्ष्य

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। My Profit से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा

LPG