1. Hindi News
  2. पैसा
  3. फायदे की खबर
  4. पंजाब से बिहार के लिए चलेंगी 2 स्पेशल ट्रेनें, दिवाली-छठ पर घर जाना होगा आसान; जानें पूरा शेड्यूल

पंजाब से बिहार के लिए चलेंगी 2 स्पेशल ट्रेनें, दिवाली-छठ पर घर जाना होगा आसान; जानें पूरा शेड्यूल

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Oct 14, 2026 08:33 am IST,  Updated : Oct 14, 2026 08:33 am IST

उत्तर रेलवे ने आगामी दिवाली और छठ पर यात्रियों की भीड़ के मद्देनजर पंजाब से बिहार के लिए दो आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों को मंजूरी दी है। ये ट्रेनें 19 अक्टूबर से अगले सात हफ्तों तक हर सोमवार चलेंगी।

पंजाब से बिहार की...- India TV Hindi
पंजाब से बिहार की स्पेशन ट्रेन Image Source : INDIAN RAILWAYS X ACCOUNT

त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने पंजाब से बिहार के लिए दो आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। ये ट्रेनें अमृतसर से छपरा और छेहरटा से मुजफ्फरपुर के बीच चलेंगी। इनका संचालन 19 अक्टूबर से शुरू होगा और अगले सात सप्ताह तक हर सोमवार को किया जाएगा। इन ट्रेनों से यात्रियों को त्योहार के समय घर पहुंचने के लिए एक्स्ट्रा ऑप्शन मिलेगा।

पंजाब से बिहार के लिए दो स्पेशल ट्रेनें

रेलवे की ओर से ट्रेन नंबर 04638/04637 अमृतसर-छपरा स्पेशल और ट्रेन नंबर 04640/04639 छेहरटा-मुजफ्फरपुर स्पेशल की अधिसूचना जारी की गई है। दोनों ट्रेनें पूरी तरह आरक्षित होंगी। इनके संचालन की जिम्मेदारी फिरोजपुर मंडल के अंतर्गत होगी। रेलवे नियमित रूप से खाली रहने वाले कोच रेक का इस्तेमाल कर इन ट्रेनों को चलाएगा।

अमृतसर-छपरा स्पेशल ट्रेन का शेड्यूल

ट्रेन नंबर 04638 अमृतसर-छपरा स्पेशल प्रत्येक सोमवार को शाम 7:40 बजे अमृतसर से रवाना होगी और मंगलवार रात 8:45 बजे छपरा पहुंचेगी। वहीं, वापसी में ट्रेन नंबर 04637 छपरा-अमृतसर स्पेशल मंगलवार रात 10:15 बजे छपरा से चलेगी और गुरुवार तड़के 12:20 बजे अमृतसर पहुंचेगी। यह ट्रेन अंबाला, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर, गोंडा और गोरखपुर के रास्ते बिहार पहुंचेगी। गोरखपुर के बाद इसके प्रमुख स्टॉपेज कप्तानगंज, पडरौना, तमकुही रोड, थावे, सीवान और एकमा होंगे।

छेहरटा-मुजफ्फरपुर स्पेशल का टाइम टेबल

ट्रेन नंबर 04640 छेहरटा-मुजफ्फरपुर स्पेशल प्रत्येक सोमवार सुबह 8:35 बजे छेहरटा से रवाना होगी। यह सुबह 9:10 बजे अमृतसर से चलकर मंगलवार दोपहर 1:10 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। वहीं, वापसी में ट्रेन नंबर 04639 मुजफ्फरपुर-छेहरटा स्पेशल मंगलवार शाम 4 बजे मुजफ्फरपुर से रवाना होगी और बुधवार रात 9:30 बजे छेहरटा पहुंचेगी। इस ट्रेन का रूट भी अंबाला, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर, गोंडा और गोरखपुर से होकर गुजरेगा। गोरखपुर के बाद ट्रेन कप्तानगंज, सिसवा बाजार, बगहा, नरकटियागंज, बेतिया और सगौली जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।

कितने कोच होंगे?

अमृतसर-छपरा स्पेशल में 22 कोच और छेहरटा-मुजफ्फरपुर स्पेशल में 18 कोच लगाए जाएंगे। दोनों ट्रेनों में यात्रा के लिए आरक्षण जरूरी होगा। त्योहारी सीजन में बिहार जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में इन विशेष ट्रेनों से यात्रियों को अतिरिक्त रेल सेवा मिलेगी और दिवाली-छठ पर घर पहुंचने के लिए सफर का एक और विकल्प उपलब्ध होगा।

यह भी पढ़ें- सूरत से मधुबनी तक चलेंगी 2-2 अमृत भारत स्पेशल ट्रेनें, 8 स्लीपर और 11 जनरल डिब्बे होंगे- चेक करें पूरा रूट और टाइम टेबल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। My Profit से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।