1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सऊदी अरब जाने वाली फ्लाइट्स पर लगा ब्रेक, एयर इंडिया और इंडिगो ने 17 अक्टूबर तक उड़ानें कीं सस्पेंड

सऊदी अरब जाने वाली फ्लाइट्स पर लगा ब्रेक, एयर इंडिया और इंडिगो ने 17 अक्टूबर तक उड़ानें कीं सस्पेंड

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Oct 14, 2026 06:47 am IST,  Updated : Oct 14, 2026 06:47 am IST

सऊदी अरब जाने की तैयारी कर रहे भारतीय यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर परिचालन बंद होने के कारण कई एयरलाइंस ने अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से रोक दी हैं।

सऊदी अरब जाने वाली...- India TV Hindi
सऊदी अरब जाने वाली उड़ानें 17 अक्टूबर तक सस्पेंड Image Source : CANVA

सऊदी अरब के रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर परिचालन निलंबित होने के बाद कई एयरलाइंस ने अपनी उड़ानें रोक दी हैं। इनमें एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो जैसी भारतीय कंपनियां भी शामिल हैं। इन एयरलाइंस ने 17 अक्टूबर तक सऊदी अरब के कई शहरों के लिए उड़ानें निलंबित की हैं। इसके चलते यात्रियों को अपनी यात्रा के लिए वैकल्पिक रास्ते तलाशने पड़ रहे हैं।

रियाद स्थित भारतीय दूतावास की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार, एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो ने रियाद, दम्माम और जेद्दा के लिए अपनी सेवाएं निलंबित कर दी हैं। इंडिगो ने मदीना जाने वाली उड़ानें भी रोक दी हैं। अकासा एयर ने भी 17 अक्टूबर तक रियाद और जेद्दा के लिए उड़ानें स्थगित की हैं।इसका असर विदेशी एयरलाइंस पर भी पड़ा है। एमिरेट्स, एतिहाद, फ्लाईदुबई, कतर एयरवेज और गल्फ एयर ने भी सऊदी अरब के विभिन्न शहरों के लिए कई उड़ानें रद्द की हैं। लुफ्थांसा ग्रुप और एयर फ्रांस-केएलएम ने भी रियाद की सेवाओं को लेकर प्रतिबंध बढ़ाए हैं।

रियाद एयरपोर्ट पर परिचालन बंद

यह व्यवधान 10 अक्टूबर को रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले के बाद सामने आया। इस घटना में भारतीय नागरिक मोहम्मद यूसुफ अली की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य लोग घायल हुए। भारतीय दूतावास के मुताबिक, घायल भारतीयों में चार आईसीयू में हैं, चार अस्पताल के सामान्य वार्ड में इलाज करा रहे हैं और तीन को छुट्टी मिल चुकी है। हालांकि, सऊदी अरब के जेद्दा, दम्माम और मदीना जैसे अन्य प्रमुख एयरपोर्ट पर उड़ानें जारी हैं, लेकिन वहां भी सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।

भारतीय नागरिकों के लिए दूतावास की सलाह

भारतीय दूतावास ने यात्रियों को अपनी एयरलाइन के संपर्क में रहने और उड़ान की स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी है। आपात स्थिति में सऊदी अरब से निकलने के लिए कतर और बहरीन जैसे पड़ोसी देशों से उड़ानों का विकल्प देखा जा सकता है। हालांकि, इसके लिए जरूरी वीजा होना चाहिए। दूतावास ने यह भी बताया कि उड़ानें उपलब्ध नहीं होने के कारण वीजा अवधि से अधिक रुक गए पर्यटकों, उमरा यात्रियों और कारोबारियों को जुर्माना दिए बिना सऊदी अरब छोड़ने की अनुमति दी जाएगी। भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए रियाद स्थित दूतावास ने 24 घंटे का कंट्रोल रूम भी शुरू किया है।

यह भी पढ़ें- सऊदी अरब का यमन पर हवाई हमला, हूतियों की रियाद को सीधी धमकी, कहा- 'करारा जवाब मिलेगा'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।