Indian Railways Special Trains: भारतीय रेल के पश्चिम रेलवे जोन ने अपने यात्रियों की सुविधा के लिए 2 नई स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। ये ट्रेनें प्रयागराज के सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन से गुजरात के वलसाड और मुंबई के दादर रेलवे स्टेशन के बीच चलाई जाएंगी। पश्चिम रेलवे ने इन दोनों स्पेशल ट्रेनों के रूट, स्टॉपेज और समय की डिटेल्स साझा की हैं। इन दो नई स्पेशल ट्रेनों से यूपी, गुजरात और महाराष्ट्र के साथ-साथ मध्य प्रदेश के लोगों को भी फायदा मिलेगा। ये ट्रेनें यूपी, एमपी, गुजरात और महाराष्ट्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों से होकर गुजरेंगी।
सूबेदारगंज-दादर सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन
सूबेदारगंज से दादर के लिए चलाई जाने वाली ट्रेन नंबर- 04175, सूबेदारगंज-दादर सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन प्रत्येक रविवार को शाम 16:10 बजे सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन से प्रस्थान करेगी और अगले दिन रात 22:40 बजे दादर पहुंचेगी। ये सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन 21 जून, 2026 से 12 जुलाई, 2026 तक चलाई जाएगी।
वापसी में, दादर से सूबेदारगंज के लिए चलाई जाने वाली ट्रेन संख्या- 04176, दादर-सूबेदारगंज सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन प्रत्येक मंगलवार को रात 12:15 बजे दादर से प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 05:00 बजे सूबेदारगंज पहुंचेगी। ये ट्रेन 23 जून, 2026 से 14 जुलाई, 2026 तक चलाई जाएगी।
कहां-कहां रुकेगी सूबेदारगंज-दादर सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन
सूबेदारगंज और दादर के बीच चलाई जाने वाली ये सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान फतेहपुर, गोविंदपुरी, इटावा, टुंडला, आगरा ईदगाह, फतेहपुर सीकरी, रूपबास, बयाना, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, कोटा, रतलाम, छायापुरी, सूरत, वापी और बोरीवली रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में एसी 2-टियर, एसी 3-टियर, स्लीपर क्लास और जनरल क्लास के डिब्बे होंगे।
सूबेदारगंज-वलसाड स्पेशल ट्रेन
सूबेदारगंज से वलसाड के लिए चलाई जाने वाली ट्रेन नंबर- 04177, सूबेदारगंज-वलसाड स्पेशल ट्रेन प्रत्येक मंगलवार को सुबह 05.00 बजे सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन से प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 10.10 बजे वलसाड पहुंचेगी। ये सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन 16 जून, 2026 से 14 जुलाई, 2026 तक चलाई जाएगी।
वापसी में, वलसाड से सूबेदारगंज के लिए चलाई जाने वाली ट्रेन संख्या- 04178, वलसाड-सूबेदारगंज स्पेशल ट्रेन प्रत्येक बुधवार को दोपहर 14.45 बजे वलसाड से प्रस्थान करेगी और अगले दिन शाम को 19.00 बजे सूबेदारगंज पहुंचेगी। ये ट्रेन 17 जून, 2026 से 15 जुलाई, 2026 तक चलाई जाएगी।
कहां-कहां रुकेगी सूबेदारगंज-वलसाड स्पेशल ट्रेन
ये ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान फतेहपुर, गोविंदपुरी, इटावा, टुंडला, आगरा ईदगाह, बयाना, गंगापुर सिटी, कोटा, रतलाम, छायापुरी और सूरत रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में एसी 3-टियर, स्लीपर क्लास और जनरल क्लास के डिब्बे होंगे।