PNB FD Schemes: पिछले साल की तुलना में इस साल एफडी खातों पर कम ब्याज मिल रहा है। हालांकि, इस साल की एफडी दरें अभी भी आकर्षक बनी हुई हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने इस महीने की शुरुआत में हुई MPC की बैठक में रेपो रेट को स्थिर रखने की घोषणा की थी। लिहाजा, एफडी की ब्याज दरों में भी कोई खास बदलाव नहीं हुआ। पब्लिक सेक्टर का पंजाब नेशनल बैंक (PNB) अपने ग्राहकों को एफडी पर आकर्षक ब्याज दे रहा है। पीएनबी अलग-अलग अवधि के लिए खुलवाए जाने वाले एफडी खातों पर 3.00 प्रतिशत से लेकर 7.40 प्रतिशत तक का ब्याज दे रहा है। मौजूदा ब्याज दरों के हिसाब से, पीएनबी की एक एफडी स्कीम ऐसी भी है, जिसमें 2 लाख रुपये जमा करें तो आपको गारंटी के साथ 99,732 रुपये तक का फिक्स ब्याज मिल सकता है।
एफडी खातों पर 7.40 प्रतिशत का बंपर ब्याज दे रहा है पीएनबी
पंजाब नेशनल बैंक अपने ग्राहकों को कम से कम 7 दिनों की अवधि वाला एफडी खाता खोलने की सुविधा देता है। इसके अलावा, इस सरकारी बैंक में अधिकतम 10 साल की अवधि के लिए भी एफडी में निवेश किया जा सकता है। पीएनबी 444 दिनों की अवधि वाले एफडी खातों पर सबसे ज्यादा 6.60 प्रतिशत से लेकर 7.40 प्रतिशत तक का बंपर ब्याज ऑफर कर रहा है। इसके अलावा, पंजाब नेशनल बैंक 5 साल से लेकर 10 साल तक की अवधि वाले एफडी खातों पर 6.00 प्रतिशत से लेकर 6.80 प्रतिशत तक का ब्याज दे रहा है।
2,00,000 रुपये जमा करने पर मिलेगा ₹99,732 तक का फिक्स ब्याज
अगर पंजाब नेशनल बैंक में 6 साल की एफडी स्कीम में 2 लाख रुपये जमा करें तो सामान्य नागरिकों को मैच्यॉरिटी पर कुल 2,85,901 रुपये मिलेंगे, इसमें ब्याज के फिक्स 85,901 रुपये भी शामिल हैं। अगर आप एक वरिष्ठ नागरिक हैं और पीएनबी में 6 साल की एफडी स्कीम में 2 लाख रुपये जमा करते हैं तो आपको मैच्यॉरिटी पर कुल 2,99,732 रुपये मिलेंगे, जिसमें ब्याज के फिक्स 99,732 रुपये भी शामिल हैं। इसी तरह, पंजाब नेशनल बैंक में अति वरिष्ठ नागरिकों को भी 6 साल की एफडी में 2 लाख रुपये जमा करने पर 99,732 रुपये के फिक्स ब्याज समेत मैच्यॉरिटी पर कुल 2,99,732 रुपये मिलेंगे। बताते चलें कि पीएनबी 5 साल से लेकर 10 साल तक की अवधि वाले एफडी खातों पर वरिष्ठ नागरिकों और अति वरिष्ठ नागरिकों को बराबर ब्याज दे रहा है।