Indian Bank Savings Scheme: पब्लिक सेक्टर का इंडियन बैंक अपने ग्राहकों को एफडी पर शानदार ब्याज ऑफर कर रहा है। इंडियन बैंक में 7 दिनों से लेकर 10 साल तक की एफडी कराई जा सकती है। ये सरकारी बैंक एफडी पर 2.80 प्रतिशत से लेकर 7.65 प्रतिशत तक का ब्याज ऑफर कर रहा है। इंडियन बैंक 7 दिनों की एफडी पर सबसे कम 2.80 प्रतिशत का ब्याज दे रहा है। ये बैंक 444 दिनों की स्पेशल एफडी स्कीम पर सामान्य नागरिकों को सबसे ज्यादा 6.90 प्रतिशत, वरिष्ठ नागरिकों को 7.40 प्रतिशत और अति वरिष्ठ नागरिकों को 7.65 प्रतिशत का ब्याज दे रहा है। आज हम इंडियन बैंक एक ऐसी एफडी स्कीम के बारे में जानेंगे, जिसमें 2 लाख रुपये जमा कर 29,325 रुपये की फिक्स कमाई की जा सकती है।
2 साल की एफडी पर वरिष्ठ नागरिकों को मिल रहा 6.90 प्रतिशत का ब्याज
पब्लिक सेक्टर का इंडियन बैंक 2 साल की एफडी पर सामान्य नागरिकों को 6.40 प्रतिशत और वरिष्ठ नागरिकों को 6.90 प्रतिशत का ब्याज दे रहा है। अगर इंडियन बैंक की 2 साल की एफडी स्कीम में 2,00,000 रुपये जमा करें तो सामान्य नागरिकों को मैच्यॉरिटी पर कुल 2,27,080 रुपये मिलेंगे। इस अमाउंट में फिक्स ब्याज के 27,080 रुपये शामिल हैं। इसी तरह, अगर आप वरिष्ठ नागरिक हैं और इंडियन बैंक में 2 साल की एफडी में 2 लाख रुपये जमा करते हैं तो मैच्यॉरिटी पर आपको कुल 2,29,325 रुपये मिलेंगे, जिसमें फिक्स ब्याज के 29,325 रुपये शामिल हैं।
एफडी में एक तय समय के बाद मिलता है फिक्स रिटर्न
शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड की बढ़ती लोकप्रियता के बीच एफडी यानी फिक्स्ड डिपॉजिट का आज भी अपना रुतबा और भरोसा बना हुआ है। देश की एक बड़ी आबादी आज भी एफडी को ही सबसे सुरक्षित निवेश मानती है। जहां एक तरफ, शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड में जबरदस्त रिस्क है, वहीं दूसरी ओर बैंक एफडी में आपको एक तय अवधि में एक फिक्स ब्याज के साथ मूल राशि मिल जाती है। बताते चलें कि आरबीआई इस साल रेपो रेट में 1.00 प्रतिशत की कटौती कर चुका है, जिससे सभी बैंकों ने एफडी की ब्याज दरों में भी कटौती कर दी गई है।
Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले या वित्तीय जोखिम लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।