1. Hindi News
  2. पैसा
  3. मेरा पैसा
  4. 5 करोड़ रुपये चाहिए वो भी 25 साल में? जानें कितने रुपये की करनी होगी SIP

5 करोड़ रुपये चाहिए वो भी 25 साल में? जानें कितने रुपये की करनी होगी SIP

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Sep 23, 2024 11:25 pm IST,  Updated : Sep 23, 2024 11:25 pm IST

अगर आप 25 साल में 5 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं तो म्यूचुअल फंड एसआईपी से ये संभव हो सकता है। मान लीजिए अगर आपको हर साल 12 प्रतिशत का औसतन सालाना रिटर्न मिल रहा है तो आपको हर महीने 27,000 रुपये की एसआईपी करनी होगी।

25 साल में कैसे बनेंगे 5 करोड़ रुपये- India TV Hindi
25 साल में कैसे बनेंगे 5 करोड़ रुपये Image Source : FREEPIK

लंबी अवधि में मोटी रकम तैयार करने के लिए यूं तो कई इंवेस्टमेंट ऑप्शन हैं लेकिन इस लक्ष्य को आसानी से प्राप्त करने के लिए म्यूचुअल फंड एसआईपी को एक बेहतरीन इंवेस्टमेंट टूल माना जाता है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक म्यूचुअल फंड एसआईपी ने निवेशकों को लंबी अवधि में मोटा फंड तैयार करने में काफी मदद की है। अगर आप भी अपने बच्चे की पढ़ाई, शादी या बिजनेस के लिए मोटी रकम जुटाने का प्लान बना रहे हैं तो एसआईपी आपके इस लक्ष्य को प्राप्त करने में मदद कर सकता है। यहां हम जानेंगे कि 25 साल में 5 करोड़ रुपये का फंड जुटाने के लिए हर महीने कितने रुपये की एसआईपी करनी होगी।

12 प्रतिशत के रिटर्न के साथ कितने रुपये की करनी होगी एसआईपी

अगर आप 25 साल में 5 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं तो म्यूचुअल फंड एसआईपी से ये संभव हो सकता है। मान लीजिए अगर आपको हर साल 12 प्रतिशत का औसतन सालाना रिटर्न मिल रहा है तो आपको हर महीने 27,000 रुपये की एसआईपी करनी होगी। अगर आप हर महीने 27,000 रुपये की एसआईपी करेंगे और आपको इस निवेश पर सालाना औसतन 12 प्रतिशत का रिटर्न मिलेगा तो 25 साल में आप 5.12 करोड़ रुपये का फंड तैयार कर सकते हैं।

15 प्रतिशत का रिटर्न मिला तो हर महीने कितने रुपये का करना होगा निवेश

इसी तरह, अगर आपको हर साल 15 प्रतिशत का औसतन सालाना रिटर्न मिलता है तो आपको हर महीने 16,000 रुपये की एसआईपी करनी होगी। अगर आप हर महीने 16,000 रुपये की एसआईपी करते हैं और आपको हर साल 15 प्रतिशत का औसतन रिटर्न मिलता है तो इस तरह से आप 25 साल में 5.25 करोड़ रुपये का कॉर्पस तैयार कर सकते हैं। ध्यान रहे कि इस निवेश प्लान के साथ 25 साल में 5 करोड़ रुपये का फंड तैयार करने के लिए आपको बिना रोके एसआईपी जारी रखनी होगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Personal Finance से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा