पोस्ट ऑफिस देश के नागरिकों को डाक सेवाओं के साथ ही कई तरह की बैंकिंग सेवाएं भी प्रदान करता है। पोस्ट ऑफिस में कई तरह के बचत खाते खोले जाते हैं। इतना ही नहीं, देश के आम लोगों के बीच पोस्ट ऑफिस की बचत योजनाएं काफी पॉपुलर भी हैं। देश का एक बड़ा वर्ग आज भी पोस्ट ऑफिस की योजनाओं पर आंख मूंदकर भरोसा करता है, क्योंकि यहां ग्राहकों के पैसों को सीधे-सीधे भारत सरकार की सुरक्षा मिलती है। यहां हम जानेंगे कि पोस्ट ऑफिस में 365 की एफडी पर कितना ब्याज मिल रहा है?
पोस्ट ऑफिस में 365 दिन की FD पर कितना मिल रहा है ब्याज
बैंकों की तरह, पोस्ट ऑफिस में भी फिक्स्ड डिपोजिट (FD) खाते खोले जाते हैं। हालांकि, पोस्ट ऑफिस एफडी खातों को टीडी यानी टाइम डिपोजिट के नाम से चलाता है। टाइम डिपोजिट स्कीम पूरी तरह से बैंकों की एफडी स्कीम की तरह ही होती है। इसमें आपको सिर्फ एक बार पैसा जमा करना होता है और फिर मैच्यॉरिटी पर आपको फिक्स ब्याज के साथ पूरा पैसा वापस मिल जाता है। पोस्ट ऑफिस में 1 साल, 2 साल, 3 साल और 5 साल के लिए एफडी खाते खोले जाते हैं।
डाकघर की एफडी स्कीम में अधिकतम कितने रुपये कर सकते हैं निवेश
पोस्ट ऑफिस अपने ग्राहकों को 365 दिन यानी 1 साल की एफडी स्कीम पर 6.90 प्रतिशत का ब्याज दे रहा है। पोस्ट ऑफिस यानी डाकघर में अलग-अलग अवधि वाले एफडी खातों पर 6.90 प्रतिशत से लेकर 7.50 प्रतिशत तक का ब्याज मिलता है। ग्राहकों को 5 साल की अवधि वाले एफडी खातों पर सबसे ज्यादा 7.50 प्रतिशत का ब्याज मिल रहा है। पोस्ट ऑफिस की एफडी स्कीम में अधिकतम जमा की कोई लिमिट नहीं है। यानी, आप इस स्कीम में जितना मर्जी उतना पैसा जमा कर सकते हैं।

वरिष्ठ नागरिकों के लिए क्या है खास
पोस्ट ऑफिस सभी आयु वर्ग के ग्राहकों को बराबर ब्याज देता है। हालांकि, बैंकों में 60 साल या इससे ज्यादा आयु के ग्राहकों को सामान्य ग्राहकों की तुलना में ज्यादा मिलता है। इतना ही नहीं, कई बैंक 80 साल या इससे ज्यादा उम्र के ग्राहकों को वरिष्ठ नागरिकों की तुलना में और भी ज्यादा रिटर्न देते हैं। लेकिन, पोस्ट ऑफिस सभी उम्र के ग्राहकों को एक बराबर ब्याज देता है।
ये भी पढ़ें