1. Hindi News
  2. पैसा
  3. मेरा पैसा
  4. SBI, ICICI समेत कई बैंकों ने NRIs के लिए शुरू की FCNR स्कीम, विदेशी मुद्रा जमा करने पर मिलेगा बंपर रिटर्न

SBI, ICICI समेत कई बैंकों ने NRIs के लिए शुरू की FCNR स्कीम, विदेशी मुद्रा जमा करने पर मिलेगा बंपर रिटर्न

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Jun 11, 2026 05:25 pm IST,  Updated : Jun 11, 2026 05:48 pm IST

इस कदम का उद्देश्य विदेशों में रहने वाले भारतीयों से फॉरेन करेंसी डिपॉजिट आकर्षित करना है। जानकारों का मानना है कि इस डिपॉजिट स्कीम के तहत करीब 60 से 70 अरब अमेरिकी डॉलर की विदेशी पूंजी भारत आने की संभावना है।

FCNR, FCNR Interest rates, SBI, ICICI Bank, Hdfc Bank, NRI- India TV Hindi
अमेरिकी डॉलर Image Source : PIXABAY

भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और आईसीआईसीआई बैंक समेत देश के कई प्रमुख बैंकों ने गुरुवार को प्रवासी भारतीयों (NRI) के लिए बंपर ब्याज दरों वाली एक नई विदेशी मुद्रा प्रवासी (FCNR-B) डिपॉजिट स्कीम शुरू की। एनआरआई फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) की ब्याज दरों में ये बढ़ोतरी, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा बैंकों के लिए 30 सितंबर तक विदेशी मुद्रा अदला-बदली खिड़की की घोषणा के कुछ ही दिन बाद आई है। 

60-70 अरब डॉलर की विदेशी पूंजी आने की उम्मीद

रिजर्व बैंक के इस कदम से बैंकों को इन डिपॉजिट पर वहन की जाने वाली मुद्रा की 'हेजिंग' लागत से प्रभावी रूप से राहत मिली है और उनके पास जमा दरों में बढ़ोतरी करने की गुंजाइश बनी है। इस कदम का उद्देश्य विदेशों में रहने वाले भारतीयों से फॉरेन करेंसी डिपॉजिट आकर्षित करना है। जानकारों का मानना है कि इस डिपॉजिट स्कीम के तहत करीब 60 से 70 अरब अमेरिकी डॉलर की विदेशी पूंजी भारत आने की संभावना है। 

NRIs को कौन-सा बैंक, कितना देगा रिटर्न

  • आईसीआईसीआई बैंक ने अपनी वेबसाइट पर कहा कि वो 11 जून से एनआरआई एफडी पर 6.50 प्रतिशत का ब्याज ऑफर कर रहा है। 
  • एसबीआई ने अमेरिकी डॉलर में 3 से 5 साल की अवधि वाली नई 'एसबीआई एडवांटेज एफसीएनआर (बी)' डिपॉजिट स्कीम शुरू की है। इस स्कीम में एक साल का लॉक-इन पीरियड होगा। SBI के मुताबिक, 10 लाख अमेरिकी डॉलर से ज्यादा की 3 से 4 साल के डिपॉजिट पर 5.50 प्रतिशत, 4 से 5 साल के डिपॉजिट पर 5.75 प्रतिशत और 5 साल के डिपॉजिट पर 6 प्रतिशत ब्याज मिलेगा। 
  • बैंक ऑफ बड़ौदा ने भी अपनी नई एफसीएनआर (बी) स्कीम के तहत अमेरिकी डॉलर, ब्रिटिश पाउंड, यूरो, ऑस्ट्रेलियाई डॉलर और कनाडाई डॉलर में 3 से 5 साल की अवधि वाली जमाओं पर ब्याज दरें बढ़ाई हैं। नई दरों के तहत अमेरिकी डॉलर जमा पर अधिकतम 6 प्रतिशत, ब्रिटिश पाउंड और ऑस्ट्रेलियाई डॉलर जमा पर 4.75 प्रतिशत, कनाडाई डॉलर जमा पर 5.15 प्रतिशत और यूरो जमा पर 3.75 प्रतिशत ब्याज दिया जाएगा। 
  • कोटक महिंद्रा बैंक ने कहा कि 11 जून से 3-5 साल की अवधि वाले एफसीएनआर (बी) डिपॉजिट पर 10 लाख अमेरिकी डॉलर से कम के डिपॉजिट पर 6 प्रतिशत और इससे ज्यादा के डिपॉजिट पर 6.15 प्रतिशत ब्याज मिलेगा। 
  • एचडीएफसी बैंक ने भी 10 जून से 3-5 साल की एफसीएनआर (बी) डिपॉजिट पर ब्याज दर बढ़ाकर 6 प्रतिशत कर दिया है। ये दर 10 जून से 30 सितंबर, 2026 के बीच शुरू किए गए डिपॉजिट अकाउंट्स पर लागू होगी। 
  • एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक ने भी अमेरिकी डॉलर में एफसीएनआर (बी) डिपॉजिट पर दिए जाने वाले अधिकतम ब्याज को सालाना 5.15 प्रतिशत से बढ़ाकर 7.10 प्रतिशत कर दिया है। नई दरें 10 जून, 2026 से प्रभावी हैं। 

NRIs के बीच क्यों लोकप्रिय है FCNR-B अकाउंट

एफसीएनआर (बी) अकाउंट एनआरआई को विदेशी मुद्रा में भारत में पैसे जमा करने की सुविधा देते हैं। इन खातों पर मिलने वाला ब्याज और प्रिंसिपल एक्सचेंज रेट में उतार-चढ़ाव से सुरक्षित रहता है, इसलिए ये एनआरआई निवेशकों के बीच लोकप्रिय माने जाते हैं। 

पीटीआई इनपुट्स के साथ

ये भी पढ़ें-

बैंक ऑफ बड़ौदा और केनरा बैंक ने बढ़ाई लोन की ब्याज दरें, 12 जून से महंगा हो जाएगा लोन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Personal Finance से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा