पंजाब के फरीदकोट जिले में शनिवार की देर शाम गांव फिड्डे कलां के पास एक ऑल्टो कार अचानक बेकाबू होकर सरहिंद नहर में जा गिर। कार में एक फौजी बलजीत सिंह और उनकी पत्नी मनदीप कौर सवार थे। हादसा अचानक हुआ जिससे कि कुछ ही क्षणों में कार नहर के तेज बहाव में बहती हुई पानी में डूब गई। मौके पर मौजूद लोगों ने देखा तो शोर मचाया। जिसके बाद नजदीकी गांवों से लोग इकट्ठा होकर घटनास्थल पर पहुंचे। लेकिन तब तक कार नहर के तेज बहाव में समा चुकी थी और उसमें सवार दंपति डूब चुके थे।
काफी तलाशी के बाद बरामद हुई कार
सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। लेकिन कार और उसमें सवार दोनो लोगों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिलने के कारण एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने रात भर सर्च ऑपरेशन चलाया, पर कोई सुराग नहीं मिला। जिसके बाद रविवार को भी सुबह से ही एक बार फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया और कार की तलाश की गई। NDRF की टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से कार को नहर से बहार निकाला, जिसमें दोनो पति पत्नी मृत पाए गए।
देखें वीडियो
18 घंटे चला सर्च ऑपरेशन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नहर में डूबे पति-पत्नी फरीदकोट ज़िले के गांव साधांवाला से गांव फिड्डे कलां रिश्तेदारी में आए हुए थे। युवक फौज में भर्ती है और कुछ ही दिनों पहले छुट्टी पर आया था। कल ही उसे ड्यूटी पर लौटना था, लेकिन यह दुखद हादसा हो गया। NDRF की टीम ने बताया कि शनिवार की पूरी रात सर्च ऑपरेशन चला। नहर में डूबी कार को निकालने के लिए बड़ी क्रेन मंगवाई गई। चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार गाड़ी को बाहर निकाला गया। पानी के तेज बहाव के कारण कार की तलाशी में वक्त ज्यादा लगा, लेकिन आखिरकार सफलता मिल गई।
(फरीदकोट से जगतार दोसांझ की रिपोर्ट)