पंजाब के लुधियाना पश्चिम विधानसभा में उपचुनाव होने वाला है। उस उपचुनाव को लेकर भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने वहां की जनता से कहा कि उनके पास मौजूदा सरकार को जवाब देने का सही मौका है। अनुराग ठाकुर ने कहा, 'सत्ता में आने से पहले किए वादों को पूरा करने में फेल रहने पर लुधियाना पश्चिम विधानसभा के लोगों के पास AAP सरकार को जवाब देने का मौका है।' उन्होंने पंजाब की आप सरकार पर जमकर निशाना साधा। दरअसल केंद्र में भाजपा सरकार के 11 साल पूरे होने के अवसर पर मंगलवार को वहां एक प्रेसवार्ता आयोजित की गई जिसमें अनुराग ठाकुर ने पंजाब सरकार पर कुछ आरोप लगाए।
नशा मुक्त की जगह नशा युक्त बना दिया
एक प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, 'आम आदमी पार्टी ने पंजाब को "नशा मुक्त" बनाने का वादा किया था लेकिन उसने राज्य को "नशा युक्त" बना दिया है।' उन्होंने आगे भी आरोप लगाते हुए कहा कि जिस तरह से राज्य में मादक पदार्थ बेचे जा रहे हैं वो वाकई एक चिंता का विषय है। AAP ने पंजाब के विकास का वादा किया था लेकिन विकास थम गया है। पंजाब एक कर्ज में डूबा हुआ राज्य है जहां सरकारी कर्मचारियों को अपने अधिकार के लिए प्रदर्शन करना पड़ रहा है।
उन्होंने लुधियाना पश्चिम उपचुनाव पर बात करते हुए आगे कहा, 'दिल्ली की जनता ने जिस आदमी को नकार दिया उसे राज्यसभा भेजने का प्रयास किया जा रहा है। पंजाब के लोगों विशेष तौर पर लुधियाना के लोगों को यह ध्यान रखना चाहिए कि अगर AAP यह उपचुनाव जीतती है तो उसके नेता किसी पंजाबी को राज्यसभा सदस्य नहीं बनने देंगे क्योंकि वह स्वयं सांसद बनना चाहते हैं।' अनुराग ठाकुर ने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य को उपचुनाव के लिए मैदान में उतारा गया है। इसके साथ ही उन्होंने आम आदमी पार्टी से यह सवाल पूछा कि क्या वह लिखित में आश्वासन देगी कि केवल पंजाब के व्यक्ति को ही राज्यसभा भेजा जाएगा।
19 जून को होगा उपचुनाव
आपको बता दें कि पंजाब में लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर उपचुनाव 19 जून को होगा और वोटों की गिनती 23 जून को होगी। दरअसल जनवरी में AAP विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के निधन के बाद से यह सीट खाली है जहां अब उपचुनाव होंगे। इस सीट पर आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सदस्य और उद्योगपति संजीव अरोड़ा को मैदान में उतारा है।
(इनपुट: पीटीआई)
ये भी पढ़ें-
पंजाब से गिरफ्तार जसबीर ने किया बड़ा खुलासा, पूर्व SI तैयार कर रहा पाकिस्तान के लिए जासूस
फिरोजपुर: सड़क पर ही भिड़ गए दो गुट, जमकर चली गोलियां, एक युवक की मौत