1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. मिडिल ईस्ट में फंसे पंजाबियों की सुरक्षित वापसी के लिए CM भगवंत मान का बड़ा फैसला, तैनात किए वरिष्ठ अधिकारी, 24x7 हेल्पलाइन स्थापित

मिडिल ईस्ट में फंसे पंजाबियों की सुरक्षित वापसी के लिए CM भगवंत मान का बड़ा फैसला, तैनात किए वरिष्ठ अधिकारी, 24x7 हेल्पलाइन स्थापित

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Mar 05, 2026 09:08 pm IST,  Updated : Mar 05, 2026 09:08 pm IST

सीएम भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार खाड़ी क्षेत्र में फंसे पंजाबियों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता एवं सहयोग प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पंजाब सरकार ने दो वरिष्ठ अधिकारियों को तैनात किया है।

bhagwant mann- India TV Hindi
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान। Image Source : PTI

चंडीगढ़: मध्य पूर्व क्षेत्र में जारी युद्ध जैसी स्थिति के बीच वहां फंसे पंजाबियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने पूरी प्रक्रिया के समन्वय और निगरानी के लिए दो वरिष्ठ अधिकारियों को तैनात किया है।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार तुरंत प्रभाव से 24×7 हेल्पलाइन पहले ही स्थापित कर दी गई है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आर.के. जैसवाल को हेल्पलाइन का ओवरऑल इंचार्ज नियुक्त किया गया है, जबकि गृह विभाग के सचिव विमल सेतिया को समन्वय और निगरानी के उद्देश्य से नोडल अधिकारी बनाया गया है। 

नोडल अधिकारी को भारत सरकार के मिनिस्ट्री ऑफ़ एक्सटर्नल ऑफेयर्स के साथ निरंतर संपर्क में रहने के निर्देश दिए गए हैं।

सभी कॉलों पर तुरंत कार्रवाई

नोडल अधिकारी मध्य पूर्व एशिया और अन्य देशों में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारत सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों पर लगातार नजर रखेंगे। इसी प्रकार हेल्पलाइन पर प्राप्त होने वाली सभी कॉलों का सही रिकॉर्ड रखा जाएगा और उन पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। जहां भी किसी मामले को विदेश मंत्रालय या किसी अन्य विभाग अथवा प्राधिकरण के समक्ष उठाने की आवश्यकता होगी, नोडल अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि उसे प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए।

खाड़ी देशों में फंसे पंजाबियों की हर संभव मदद

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह कदम मध्य पूर्व और अन्य देशों में फंसे पंजाब के निवासियों से जुड़ी आपात स्थिति को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य इस गंभीर और अप्रत्याशित संकट के समय प्रभावित लोगों और उनके परिवारों को आवश्यक सहायता और सहयोग प्रदान करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार खाड़ी क्षेत्र में फंसे पंजाबियों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता एवं सहयोग प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।