1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पटियाला में ड्रग्स केस में नामजद गुरतेज सिंह बंटी के घर पर चला बुलडोज़र, कई दुकानों को किया गया ध्वस्त

पटियाला में ड्रग्स केस में नामजद गुरतेज सिंह बंटी के घर पर चला बुलडोज़र, कई दुकानों को किया गया ध्वस्त

 Published : Apr 29, 2025 02:59 pm IST,  Updated : Apr 29, 2025 04:20 pm IST

ड्रग्स तस्करी के मामलों में आरोपी गुरतेज सिंह उर्फ बंटी के घर और दुकानों पर बुलडोजर की कार्रवाई हुई है। हालांकि परिजनों ने यह कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।

गुरतेज सिंह बंटी के घर पर चला बुलडोज़र- India TV Hindi
गुरतेज सिंह बंटी के घर पर चला बुलडोज़र Image Source : INDIA TV

पटियालाः ड्रग्स तस्करी के मामलों में नामजद गुरतेज सिंह उर्फ बंटी के खिलाफ पुलिस और नगर निगम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मंगलवार को उसके घर के एक बड़े हिस्से को ध्वस्त कर दिया। यह घर पटियाला में स्थित है और बताया जा रहा है कि इसके कुछ हिस्से का नक्शा कमर्शियल उपयोग के लिए पास नहीं था। इसी आधार पर नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए घर के बाहर बनी दुकानों को गिरा दिया।

आरोपी के परिजनों ने लगाया ये आरोप

स्थानीय लोगों और आरोपी के परिवार का कहना है कि यह घर गुरतेज की दादी के नाम पर है और परिवार के अन्य सदस्यों का इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। उनका कहना है कि उन्हें इस कार्रवाई की जानकारी तक नहीं दी गई और अचानक भारी पुलिस बल के साथ बुलडोज़र भेज कर तोड़फोड़ शुरू कर दी गई।

वहीं, नगर निगम के अधिकारियों से जब पूछा गया कि पटियाला में ऐसे कई अन्य अवैध निर्माण हैं, तो वे कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि सरकार नशा विरोधी मुहिम के नाम पर दोषियों के साथ-साथ उनके निर्दोष परिवारजनों को भी सजा दे रही है।

गुरतेज सिंह बंटी पर दर्ज हैं कई मामले

गौरतलब है कि गुरतेज सिंह बंटी पर नशा तस्करी के कई मामले दर्ज हैं और पुलिस लंबे समय से उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। बता दें कि पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। पटियाला शहर की यह कार्रवाई अब राजनीतिक और सामाजिक बहस का विषय बन गई है कि क्या कानून का पालन करवाते समय सभी के साथ एक जैसा व्यवहार हो रहा है या फिर चुनिंदा मामलों में सख्ती दिखाई जा रही है। 

(रिपोर्ट- इंदरपाल सिंह)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।