1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. चंडीगढ़ में मेंटल हेल्थ इंस्टीट्यूट को बम से उड़ाने की मिली धमकी, मरीजों-कर्मचारियों को किया गया शिफ्ट

चंडीगढ़ में मेंटल हेल्थ इंस्टीट्यूट को बम से उड़ाने की मिली धमकी, मरीजों-कर्मचारियों को किया गया शिफ्ट

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jun 12, 2024 05:03 pm IST,  Updated : Jun 12, 2024 05:03 pm IST

चंडीगढ़ के मेंटल हेल्थ इंस्टीट्यूट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद अस्पताल से मरीजों और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

दिल्ली के बाद अब चंडीगढ़ के अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। चंडीगढ़ के एक मानसिक स्वास्थ्य संस्थान यानी मेंटल हेल्थ इंस्टीट्यूट को बुधवार को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मरीजों और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया और तलाशी अभियान शुरू किया गया। इसकी जानकारी पुलिस ने दी। संस्थान के एक अधिकारी ने दावा किया कि इसी तरह का ईमेल दिल्ली और दक्षिण भारत के कई अस्पतालों को भेजा गया है।

अस्पताल के परिसर की तलाशी 

चंडीगढ़ पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि वे मेंटल हेल्थ इस्टीट्यूट के परिसर की तलाशी ले रहे हैं, लेकिन अभी तक कुछ नहीं मिला है। मौके पर पुलिसकर्मियों के अलावा बम निरोधक दस्ता और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को भी तैनात किया गया है। चंडीगढ़ के सेक्टर- 32 स्थित मानसिक स्वास्थ्य संस्थान की उप-चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर अपराजिता ने बताया कि अस्पताल को सुबह ईमेल पर बम की धमकी मिली थी।

अस्पताल में 100 लोग थे मौजूद

उन्होंने बताया कि उस समय अस्पताल में मरीज, डॉक्टर और अन्य कर्मचारियों सहित करीब 100 लोग मौजूद थे। डॉक्टर ने बताया, "हमें एक ईमेल मिला। हमारे केंद्र के अलावा देश के कई मनोरोग अस्पतालों को ईमेल भेजा गया है। इसमें कहा गया है कि अस्पताल में बम है।" एक सवाल का जवाब देते हुए डॉक्टर अपराजिता ने कहा, "हमने ईमेल पुलिस को भेज दिया है। भेजने वाले का नाम पता नहीं चल पाया है। यह ईमेल किसी निजी ईमेल आईडी से भेजा गया है।"

अन्य अस्पतालों को भी धमकी 

यह पूछे जाने पर कि ईमेल में और किन अस्पतालों का जिक्र है, इस पर उन्होंने बताया, "इसमें दिल्ली के कुछ अस्पतालों का, दक्षिण भारत के कुछ अस्पतालों का और रांची के सीआईपी (केंद्रीय मनोचिकित्सा संस्थान) का नाम है।" उप-चिकित्सा अधीक्षक ने कहा कि ईमेल में लिखा है कि अस्पताल में बम है और सभी लोग मरेंगे।" (भाषा)

ये भी पढ़ें- 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।