1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. वेयरहाउसिंग अधिकारी की सुसाइड मामले में पंजाब के पूर्व मंत्री भुल्लर को 5 दिन की पुलिस रिमांड, सीएम मान का भी बयान

वेयरहाउसिंग अधिकारी की सुसाइड मामले में पंजाब के पूर्व मंत्री भुल्लर को 5 दिन की पुलिस रिमांड, सीएम मान का भी बयान

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Mar 24, 2026 10:35 pm IST,  Updated : Mar 24, 2026 10:38 pm IST

पंजाब के पूर्व मंत्री भुल्लर को पांच दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया गया। पूर्व मंत्री को एक अधिकारी के सुसाइड केस में गिरफ्तार किया गया था।

 पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर- India TV Hindi
पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर। फाइल Image Source : @/LALJITBHULLAR

चंडीगढ़ः वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के अधिकारी के सुसाइड मामले में गिरफ्तार पंजाब के पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। भुल्लर को मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अमृतसर की एक अदालत में पेश किया गया। हरे रंग की पगड़ी पहने भुल्लर को अदालत से बाहर निकलते समय हाथ जोड़े हुए देखा गया।

भुल्लर पर राज्य वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के अधिकारी गगनदीप सिंह रंधावा को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप था। पूर्व मंत्री को सोमवार को फतेहगढ़ साहिब जिले के मंडी गोबिंदगढ़ से गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद भुल्लर को सोमवार शाम अमृतसर लाया गया। अमृतसर में पंजाब राज्य वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के जिला प्रबंधक रंधावा ने कथित तौर पर शनिवार तड़के जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी।

गिरफ्तारी से पहले दिया था मंत्री पद से इस्तीफा

सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था जिसमें उन्होंने कथित तौर पर भुल्लर द्वारा उत्पीड़न किए जाने का दावा किया था। इस विवाद के बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर भुल्लर ने उसी दिन बाद में मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। अमृतसर पुलिस ने शनिवार रात भुल्लर, उनके पिता सुखदेव सिंह भुल्लर और निजी सहायक दिलबाग सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना), 351 (3) (आपराधिक धमकी) और 3 (5) (सामान्य इरादा) के तहत मामला दर्ज किया। तरन तारन के पट्टी से विधायक भुल्लर ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए खारिज कर दिया।

 भुल्लर की गिरफ्तारी के बाद रवजोत को कारागार विभाग मिला

वहीं, भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने मंगलवार को परिवहन मंत्रालय की जिम्मेदारी मंत्री हरपाल सिंह चीमा और जेल मंत्रालय की जिम्मेदारी मंत्री रवजोत सिंह को सौंप दी। ये मंत्रालय पहले पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर के पास थे। 'वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन' के एक अधिकारी द्वारा उन पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए आत्महत्या करने के बाद सोमवार को भुल्लर को गिरफ्तार कर लिया गया था। चीमा वर्तमान में वित्त, आबकारी शुल्क एवं कराधान और योजना मंत्रालय संभाल रहे हैं। रवजोत सिंह अनिवासी मामलों और संसदीय मामलों के प्रभारी हैं। भुल्लर ने मुख्यमंत्री मान के निर्देशों के बाद कैबिनेट मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।  

उधर, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को कहा कि राज्य पुलिस अमृतसर में एक अधिकारी की कथित आत्महत्या की जांच करने में सक्षम है। सीएम मान ने साथ ही इस बात पर जोर भी दिया कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी। सीएम की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब विपक्षी दल अमृतसर में पंजाब राज्य भंडारण निगम के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा की मौत की जांच सीबीआई से कराने की मांग कर रहे हैं।  

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।